October 10, 2024

सूर्यगृहण : 4 घंटे 04 मिनिट रहेगा सूर्यगृहण – गृहण के मध्य में सूर्य का 63.2 प्रतिशत भाग ढक जाएगा

उज्जैन,17अक्टूबर(इ खबर टुडे/बृजेश परमार)। आगामी सप्ताह के मंगलवार 25 अक्टूबर को आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। ग्रहण का प्रारम्भ दोपहर 02:28:03 पर मध्य की स्थिति दोपहर 04:30:1 एवं मोक्ष सांय 06:32:01 पर होगा। मध्य की स्थिति में सूर्य का 63.2 प्रतिशत भाग ढक जाएगा। ग्रहण की अवधि 04 घण्टे 04 मिनट तक रहेगी।

शासकीय जीवाजी वेधशाला अधीक्षक डा.राजेन्द्र प्रसाद गुप्त के अनुसार ग्रहण यूरोप, मध्य पूर्व, उत्तरी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, उत्तरी अटलांटिक महासागर, उत्तरी हिन्द महासागर, भारत में देखा जा सकेगा। भारत में यह ग्रहण अडंमान निकोबार द्वीप समूह तथा उत्तरी पूर्वी भारत को छोड़कर सम्पूर्ण भारत में देखा जा सकेगा। डा.गुप्त ने बताया कि आंशिक सूर्यग्रहण उस समय होता है जब चन्द्रमा, पृथ्वी और सूर्य के बीच में आंशिक रूप से आता है जिससे पृथ्वी के स्थान विशेष से देखने पर सूर्य का कुछ भाग ढंका हुआ दिखाई देता है।

इस प्रकार होने वाला ग्रहण आंशिक सूर्यग्रहण कहलाता है। यह सूर्यग्रहण उज्जैन में भी देखा जाएगा । उज्जैन में ग्रहण का प्रारम्भ सांय 04:41:01 पर मध्य की स्थिति सांय 05:38 पर होगी। ग्रहण की स्थिति में ही उज्जैन में सांय 05:53 पर सूर्यास्त हो जायेगा। मध्य की स्थिति में सूर्य का 32.6 प्रतिशत भाग उज्जैन में ढका हुआ दिखाई देगा। इस प्रकार उज्जैन में लगभग 1 घण्टे ही ग्रहण को देखा जा सकेगा। शासकीय जीवाजी वेधशाला में सोलर फिल्टर युक्त चश्मों से ग्रहण दिखाने की व्यवस्था रहेगी।

You may have missed