June 17, 2024

वनोपज और हरियाली बचाने के साथ पौध-रोपण भी करें

मुख्यमंत्री श्री चौहान की विश्व वानिकी दिवस पर अपील

भोपाल ,20 मार्च(इ खबरटुडे)।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतर्राष्ट्रीय वानिकी दिवस पर प्रदेशवासियों से वनोपज और हरियाली बचाने के साथ प्रदेश में अधिकाधिक पौध-रोपण कर उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की है।

श्री चौहान ने अपने संदेश में कहा है कि प्रदेश में जन-सहभागिता आधारित वन प्रबंधन एवं वानिकी विकास की कई गतिविधियाँ की जा रही हैं। वनोपज की माँग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर को कम करने के निरंतर प्रयास जारी हैं। हरियाली महोत्सव का आयोजन कर निजी भूमि पर पौध-रोपण किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के वानिकी संवर्धन कार्यों को अंतर्राष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय-स्तर पर सराहना मिली है।

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वानिकी दिवस का मुख्य उद्देश्य हरियाली बचाने के लिये जन-साधारण में पौध-रोपण तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना है। भारतीय विज्ञान परम्परानुसार पेड़-पौधे भी मनुष्य की भावनाओं का अनुभव करते हैं। पर्यावरण रक्षा के लिये विश्व में जन-चेतना का एक व्यापक अभियान चल रहा है। ‘नमामि देवि नर्मदे”-सेवा यात्रा अभियान में नर्मदा नदी के किनारों को हरियाली से समृद्ध किया जा रहा है।

You may have missed