भोपाल में आसमान पर पहुंचे जमीन के दाम,जमीन के भाव में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी

भोपाल में कलेक्टर गाइडलाइन 2025-26 का ड्राफ्ट संपदा 2.0 की वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी किया गया। इसके अनुसार कुल 2,887 लोकेशन में औसतन 18 प्रतिशत रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। आखिरी बार 2011-12 में 31.50 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई थी। यह मंजूर हुआ तो बीते 15 साल में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी होगी। आम नागरिक अपनी आपत्तियां और सुझाव 19 मार्च की शाम 5 बजे तक कलेक्टर कार्यालय, वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय (परी बाजार), आईएसबीटी कार्यालय (भोपाल) में प्रस्तुत कर सकते हैं। संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन भी अपने सुझाव एवं आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
साल 2024-25 में कुल 3,885 लोकेशनों में औसतन 7 प्रतिशत दाम बढ़ाए गए थे। इस साल नर्मदापुरम रोड, कोलार, भानपुर, सलैया, कोकता बायपास जैसी करीब 100 जगह दाम सीधे दोगुने करने का प्रस्ताव है। वहीं, 23 जगह ऐसी हैं, जहां जमीन के दाम 100 रुपये/वर्गफीट से बढ़ाकर 230 रु./वर्गफीट करने की सिफारिश है। इनमें भोपाल व आसपास के क्षेत्र जैसे दुबड़ी, अगरिया, सेमरीखुर्द, प्रेमपुरा, समर्धा, पिपलिया, गोविंदपुरा औद्योगिक वार्ड और छापरबंद हैं। 1,602 जगह बदलाव नहीं किया गया है। भानपुर खंती हटने के बाद अयोध्या बायपास में बढ़े दाम पर रजिस्ट्रियां हुई हैं। इसलिए दाम बढ़ाए जा रहे हैं। कोकता बायपास-बगरोदा व्यावसायिक क्षेत्र बन गया है, जहां संपत्ति के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं।
विधायक और मंत्रियों ने दी प्रतिक्रिया
राज्य मंत्री विश्वास सारंग और गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर ने कहा कि18 प्रतिशत बढ़ोतरी अव्यावहारिक है। उचित फोरम में विरोध दर्ज कराएंगे। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा बोले कई अफसर ऐसे हैं, जो नहीं चाहते कि भोपाल की जनता रजिस्ट्री कराए। एग्रीमेंट पर रजिस्ट्री करा लें, लड़ाई-झगड़ा होता रहे। कई कंपनियां लोन बढ़ाने के लिए मनमाने दाम पर रजिस्ट्री करा लेते हैं। जो खेती की जमीन है, उसकी रजिस्ट्री स्कवायर फीट में कैसे की जा सकती है। दक्षिण पश्चिम विधायक व गाइडलाइन समिति के सदस्य भगवानदास सबनानी बोले एग्रीमेंट पर रजिस्ट्री हो रही है। दाम कम होंगे तो लोग जागरुक होंगे। एग्रीमेंट पर खरीद-फरोख्त बंद होगी।