4 सालों में 1500 करोड़ के कार्य हुए आरम्भ : काश्यप

रतलाम,12 फरवरी (इ खबरटुडे)।पंडित दिनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष में अल्पकालीन कार्य विस्तार योजना के तहत् विधायक व राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप एवं महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने वार्ड क्रमांक 26 में जनसम्पर्क कर जनसंवाद किया। इस दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।जनसंवाद में विधायक श्री काश्यप ने कहा कि पं. दिनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने का हर प्रयास भाजपा कर रही है। शहर में चौतरफा विकास हो रहा है। बीते 4 सालों के दौरान 1500 करोड़ के कार्य आरम्भ हुए हैं। इससे रोजगार के अवसर भी निर्मित होंगे। उन्होंने शासन की कई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पं. दिनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को सभी योजनाओं में महत्व दिया गया है। कार्यक्रम को महापौर डॉ. यार्दे ने भी संबोधित किया। दोनों नेता बाद में वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में जनसम्पर्क करते हुए पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने इस दौरान फुलमालाओं से नेताओं का स्वागत किया।
नेताद्वय ने क्षेत्रवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया।पार्टी नेता सहित कई कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित थे। इसी प्रकार वार्ड क्रं 39 में भी जनसम्पर्क किया गया। पार्टी जिलाध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने घर-घर जाकर शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।