May 2, 2024

हौद में पेंट रिमूवर लगाते समय बनी गैस, दम घुटने से प्लंबर की मौत

इंदौर,08 जनवरी(इ खबरटुडे)।चितावद में एक डॉक्टर के यहां आठ फीट की हौद में पेंट रिमूवर लगाते समय दम घुटने से एक प्लंबर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने उतरा उसका दूसरा साथी भी बेहोश हो गया। बचाव के दौरान डॉक्टर को भी चोट आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना गुरुवार दोपहर 2 बजे की है।

भंवरकुआं पुलिस के अनुसार, मृतक पवार कांकड़ निवासी 20 वर्षीय सुभाष खन्ना है। वह त्रिवेणी नगर निवासी साथी शुभम बनोधा और शिव नगर निवासी साथी मुकेश किराड़े के साथ चितावद में रहने वाले आयुर्वेदिक डॉक्टर जगदीश कुशवाह के घर की हौद में काम कर रहा था।
मुकेश ने बताया कि घर के बाहर बनी आठ फीट की हौद में बाहर का गंदा पानी आ रहा था। डॉक्टर ने उसे ठीक करने के लिए उन्हें बुलाया था। गुरुवार सुबह तीनों युवक आए और हौद की सफाई की। उसके बाद डॉक्टर ने उन्हें नामी कंपनी की पेंट रिमूवर की दो डिब्बियां लाकर दीं।
सुभाष और शुभम ने 1 बजे तक एक डिब्बी से हौद के अंदर केमिकल पोता। उसके बाद सभी खाना खाने चले गए। आधा घंटे बाद तीनों लौटे तो शुभम सीमेंट की बोरी लेने चला गया और सुभाष को बाकी की पुताई करने को कहा। इस दौरान मुकेश का मोबाइल फोन आया। वह हौद के बाहर जाकर बातें करने लगा। थोड़ी देर बाद शुभम लौटा तो उसने देखा कि सुभाष बेसुध पड़ा है।
वह चिल्लाते हुए हौद में कूदा। वह भी अंदर बेसुध हो गया। यह देख मुकेश अंदर घुसा, लेकिन उसका भी दम घुटने लगा तो वह बाहर आ गया। फिर मुंह पर कपड़ा बांधकर उतरा। लगातार प्रयास के बाद भी वह दोनों को बाहर नहीं निकाल पा रहा था, तभी डॉक्टर कुशवाह दौड़े। वे भी बचाने में गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर तब तक कुछ लोग आ चुके थे। उन्होंने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां सुभाष को मृत घोषित कर दिया गया। शुभम बेसुध था। डॉक्टर कुशवाह की पसलियों में चोट आई थी। वहीं मुकेश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
एक्सपाइरी था पेंट रिमूवर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेंट रिमूवर जब्त कर लिया। वह नामी कंपनी का था। एक महीने पहले ही एक्सपाइर हुआ था। जानकारों का कहना है कि उससे कुछ खास फर्क नहीं पड़ता।
जांच के लिए केमिकल भेजा जाएगा लैब
केमिकल को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। वैसे इसी केमिकल का इस्तेमाल प्लंबर अधिकांशतः करते हैं। यहां हौद में पुताई होने से वह गैस बन गई और हादसा हो गया। वैसे हर बिंदु पर जांच की जा रही है। यदि किसी की लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई भी होगी।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds