May 9, 2024

‘सुप्रीम’ फैसले से पहले बंगलूरू में सियासी ड्रामा, हिरासत में भूख हड़ताल पर दिग्विजय

भोपाल/बेंगलुरु,18 मार्च(इ खबरटुडे)। मध्य प्रदेश में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्यपाल की ओर से दो बार आदेश मिलने पर भी फ्लोर टेस्ट से इनकार कर चुकी कांग्रेस अब बागियों को मनाने की कोशिश में है। कांग्रेस से बागी हुए सिंधिया गुट के 22 विधायक 10 दिन से बेंगलुरु में हैं।

बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ सरकार के 8 मंत्री बेंगलुरु पहुंच गए। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने उन्हें रमादा होटल के बाहर ही रोक दिया। इसके बाद सभी कांग्रेस नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए, पुलिस ने दिग्विजय के साथ कांतिलाल भूरिया और सचिन यादव को भी हिरासत में ले लिया। इन नेताओं को अमरुताहल्ली थाने ले जाया गया। दिग्विजय ने कहा है कि अब वे थाने में भूख हड़ताल करेंगे।

मेरे पास ना बम है, ना पिस्तौल, फिर क्यों रोका: दिग्विजय
दिग्विजय सिंह ने कहा, ”पुलिस हमें विधायकों से मिलने नहीं दे रही है। मैं मध्य प्रदेश का राज्यसभा उम्मीदवार हूं। 26 तारीख को राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में वोटिंग होनी है। हमारे विधायकों को यहां होटल में बंधक बनाकर रखा गया है। वे हमसे बात करना चाहते हैं, लेकिन उनके मोबाइल छीन लिए गए।

भाजपा नेता अरविंद भदौरिया और कुछ गुंडे अंदर हैं। विधायकों की जान को खतरा है। मेरे पास हाथ में ना बम है, ना पिस्तौल और ना कोई हथियार है। फिर भी पुलिस मुझे क्यों रोक रही है। मुझे मिलवा दें, उसके बाद चला जाऊंगा। इसमें क्या परेशानी है।”

दिग्विजय ने कहा- मैं भाजपा के राज में पुलिस से नहीं डरता हूं
पुलिस हिरासत में दिग्विजय ने कहा, ”बेंगलुरु में तो भाजपा की सरकार है। पुलिस भी उन्हीं के इशारे पर काम कर रही है। मुझे तो भाजपा के राज में भी उनकी पुलिस के बीच डर नहीं लग रहा।

लेकिन भाजपा नेताओं को किस बात का डर है, क्या वे खुद अपनी पुलिस से डर रहे हैं? मैं यहां गांधीवादी तरीके से अपने विधायकों से मिलने आया हूं। उम्मीद है कि वे जल्द लौट जाएंगे। 5 विधायकों से मेरी बात हुई तो उन्होंने बंधक होने की जानकारी दी। होटल में 27 घंटे पुलिस का पहरा है। विधायकों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।”

‘येदियुरप्पा सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही’
दिग्विजय के अलावा मंत्री तरुण भनोत, सज्जन सिंह वर्मा, हर्ष यादव, विधायक कांतिलाल भूरिया, आरिफ मसूद, कुणाल चौधरी भी बेंगलुरु गए हैं। यहां पहुंचने पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार उन्हें लेने पहुंचे थे। शिवकुमार ने येदियुरप्पा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारी भी अपनी रणनीति है। मौजूदा हालात में मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता यहां अकेले नहीं है। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा हूं। हम चाहते हैं कि कर्नाटक में कानून व्यवस्था नियंत्रण में रहे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds