September 29, 2024

विधायक काश्यप ने किया अमृत सागर से बनने वाले सडक मार्ग का भूमिपूजन

669 लाख रूपए खर्च होंगे,बदलेगा पूरे क्षेत्र का स्वरूप

रतलाम,24 सितम्बर (इ खबरटुडे)। विधायक राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने अमृत सागर बगीचे के तिराहे पर 669 लाख की लागत से बनने वाले त्रिवेणी-रतलाम-कनेरी मार्ग का शहर एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति मे भूमिपूजन किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि रतलाम मे चारों और से सडकें जुड रही है। इस क्षेत्र में भी करोडों रूपए के विकास कार्य होंगे, जिससें यहा का पूरा स्वरूप बदल जाएगा।समारोह में श्री काश्यप ने कहा त्रिवेणी-कनेरी क्षेत्र में लंबे समय से विकास की दरकार थी। कनेरी मार्ग पर हाउसिंग बोर्ड की कालोनी भी बनी है, पूर्व में कनेरी से त्रिवेणी तक ही सडक मार्ग प्रस्तावित था। इसे अब अमृत सागर उद्यान तक बढाया गया है। करीब सवा छह किलोमीटर लम्बाई वाले इस मार्ग के बनने से शहरी क्षेत्र मे नगर निगम पर सडक निर्माण का दबाव कम होगा ।

उन्होने कहा कि अमृत सागर के बगीचें के विकास हेतु डेढ करोड के टेंडर हो चुके है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत् बाजना बस स्टेण्ड से त्रिपोलिया गेट तक स्मार्ट सडक का कार्य भी चार-पांच दिन में शुरू हो जाएगा। अमृत सागर तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु दो करोड रूपए का बजट रखा है। सीवरेज का कार्य पूरा होते ही सौंदर्यीकरण शुरू हो जाएगा। कनेरी से मथुरी के बीच भी करीब सवा तीन किलोमीटर लम्बे सडक मार्ग के निर्माण हेतु तीन करोड के टेंडर हो चुके है। ग्राम मे मांगलिक भवन की स्वीकृति पहले ही हो चुकी है। अमृत सागर क्षेत्र मे आगामी वर्षो में पांच करोड से अधिक कार्य होंगे, जिससे पूरा क्षेत्र बदल जाएगा।

निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा अमृत सागर क्षेत्र में लंबे समय से विकास की जरूरत थी। बाजना बस स्टेण्ड फोरलेन, स्मार्ट सडक और अब इस सडक निर्माण से क्षेत्र की दशा बदल जाएगी। विधायक श्री काश्यप साडी काम्प्लेक्स स्थापना के लिए भी प्रयासरत है।
आरंभ में श्री काश्यप व श्री पोरवाल ने विधिविधान से भूमिपूजन कर जे.सी.बी. सडक निर्माण का शुभारंभ कराया। ग्रामीणजन एवं क्षेत्रवासियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन राकेश मीणा ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल, मंडल अध्यक्ष जयवंत कोठारी, पार्षद महेन्द्र सिंह चंद्रावत, पूर्व पार्षद अशोक देवडा, मदरसा बोर्ड के मुबारिक शैरानी, झुग्गी प्रकोष्ठ के बंटी बोहरा एवं हेमन्त राहोरी आदि उपस्थित थें।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds