May 3, 2024

लक्ष्मीपूजन के बाद अब शुभकामनाओं और बधाईयों का दौर

नगर निगम चुनाव का असर माहौल पर,नेताओं की सक्रियता बढी

रतलाम,24 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। गुरुवार शाम को लक्ष्मीपूजन और जोरदार आतिशबाजी के खुमार में खोए शहर में अब शुभकामनाओं और बधाईयों का दौर चल रहा है। पडवी के दिन लोग एक दूसरे से मिल कर बधाईयां दे रहे है। नगर निगम चुनाव का असर भी माहौल पर साफ नजर आ रहा है। हर इलाके के नेता अपने क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा लोगों से मेल मुलाकातें करने में जुटे हुए है।
रतलाम की परंपरा के मुताबिक दीपावली से अगला दिन पडवी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन सभी लोग अपने मित्र परिचितों के घर पंहुचकर एक दूसरे को बधाईयां और शुभकामनाएं देते है। पडवी के पर्व के चलते शुक्रवार को शहर की तमाम दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बन्द है। शहर की सड़कों पर सजे संवरे महिला पुरुष और बच्चों की आवाजाही जोरों पर है। दुकानें,रेस्टोरेन्ट्स,पान सिगरेट की दुकानें तक बन्द है। शहर की सड़कों पर टेम्पो आटो भी बेहद कम संख्या में नजर आ रहे है। सड़कों पर सिर्फ पडवी मनाने वालों का ही आना जाना लगा हुआ है।
पडवी के पर्व का नेता भी जमकर फायदा उठा रहे है। नगर निगम चुनाव नजदीक आ जाने से तमाम नेता अधिक से अधिक लोगों से मिलकर उन्हे दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देना चाहते हैं ताकि इसका फायदा चुनाव में उठाया जा सके। कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के यहां भी उनके समर्थकों का दिन भर तांता लगा रहा। पार्षद पद का चुनाव लडने के तमन्नाई नेता बडे नेताओं के पंहुचकर दीवाली मिलन के बहाने दावेदारी को मजबूत करने में लगे रहे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds