September 24, 2024

राजस्थान के पुष्कर से अपहृत बच्चा उज्जैन के मातृछाया से मिला

उज्जैन,28 मार्च (इ खबरटुडे) । राजस्थान के पुष्कर से अपह्त किया गया तीन वर्षीय बच्चा 15 दिन बाद उज्जैन के मातृछाया से मिला है। मातृछाया में यह बच्चा आरपीएफ ने बाल कल्याण समिति के आदेश पर 13 मार्च को भेजा था। इसके बाद से ही बच्चा मातृछाया में रह रहा था।
बुधवार को सुबह राजस्थान पुष्कर थाने के टीआई महावीर शर्मा फोर्स के साथ ही बच्चे के माता-पिता के साथ ही उसकी नानी को लेकर उज्जैन पहुँचे थे। उनके मुताबिक 12 मार्च को बच्चा स्टेशन से गायब हुआ था। इसके बाद 13 मार्च को पुष्कर थाने में इसकी गुमशुदगी दर्ज की गई। गुमशुदगी की जांच में सामने आया कि बच्चे को एक व्यक्ति ने ट्रेन में बैठाया था। राजस्थान के चित्तौड़ से लेकर कई स्टेशनों के फुटेज पुलिस ने खंगाले थे। संबंधित अहपरणकर्ता व्यक्ति का नाम सलीम के रूप में सामने आया है। पुलिस ने खोजबीन की तो जानकारी सामने आई कि संबंधित ट्रेन अजमेर-इंदौर थी। इस पर इस ट्रेन के रूट में आने वाले स्टेशनों की पुलिस से संपर्क किया गया। उज्जैन पुलिस से संपर्क के दौरान यह बात सामने आई कि 13 मार्च को उज्जैन से एक स्टेशन पहले ही बच्चे को उतार दिया गया था। बच्चा स्टेशन पर रो रहा था। अज्ञात महिला ने पुलिस को सूचना दी थी। इस सूचना पर जीआरपी ने बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर बालकल्याण समिति के सामने पेश किया था। बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्चे को अस्थाई रूप से मातृछाया को सौंपा गया था। तीन वर्षीय बच्चा सिर्फ विवेक शब्द बोल पाता था। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि उसका नाम विवेक है। इस तीन वर्षीय बच्चे का नाम मूल रूप से लक्ष्य था वह अपने पांच वर्षीय बड़े भाई विवेक का नाम ले पाता था। पिछले 15 दिनों से तीन वर्षीय लक्ष्य बार-बार विवेक शब्द बोलता था। इससे कई बार गफलत की स्थिति भी बनी थी। पुष्कर पुलिस 27 मार्च को उज्जैन पहुँच गई थी। बाल कल्याण समिति के सामने बच्चे की स्थिति रखने के बाद समिति ने मातृछाया को बच्चे के माता-पिता को सौंपने के आदेश दिए थे। इस पर मातृछाया संचालक ने राजस्थान पुलिस को रात में ही बच्चे के माता-पिता को बुलवाने का कहा था। राजस्थान पुलिस ने स्पेशल वाहन से बच्चे के माता-पिता, नानी और उसके बड़े भाई को उज्जैन बुलाया था। बुधवार सुबह 7 बजे के लगभग वे उज्जैन पहुँचे। इसके बाद बच्चे को सौंपने की कार्रवाई की गई। पूर्वाह्न 10 बजे राजस्थान पुलिस बच्चे के माता-पिता सहित उज्जैन से रवाना हो गए।

——————————————————————————————-

– पुष्कर पुलिस ने मंगलवार को बालकल्याण समिति के सामने सम्पूर्ण पक्ष रखा था। इस पर समिति ने आदेश दिया था। आज बच्चे के माता-पिता को बच्चा पुलिस की मौजूदगी में सौंप दिया गया। बच्चा बार-बार विवेक बोल रहा था। इससे यह अंदाजा लग रहा था कि वह खुद का नाम बोल रहा है। वैसे उसका नाम लक्ष्य था।

– अनुराग जैन, संचालक, सेवा भारती मातृछाया, उज्जैन

You may have missed