May 18, 2024

मोदी ने सुनामी में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि, सी-वॉल समेत कई परियोजनाओं की नींव रखी

अंडमान-निकोबार,30दिसम्बर (इ खबरटुडे)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पहली बार अंडमान-निकोबार पहुंचे। यहां कार निकोबार में उन्होंने 2004 की सुनामी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने सी-वॉल समेत कई परियोजनाओं की नींव रखी।

सात मेगावॉट के सौर विद्युत संयंत्र और सौर गांव का लोकार्पण किया। मोदी इस केंद्र शासित प्रदेश में तीन द्वीपों के नाम बदलने का ऐलान कर सकते हैं।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आजाद हिंद सरकार के गठन की घोषणा के 75वें साल पर मोदी पोर्ट ब्लेयर के साउथ पॉइंट पर तिरंगा फहराएंगे। साथ ही मरीना पार्क में नेताजी की मूर्ति पर फूल चढ़ाएंगे।

कार निकोबार में जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा
आपके पास प्रकृति का अद्भुत खजाना तो है ही, आपकी संस्कृति, परंपरा, कला और कौशल भी बेहतरीन है। थोड़ी देर पहले यहां पर जो नृत्य प्रस्तुत किया गया, बच्चों ने जो कला का प्रदर्शन किया, वो दिखाता है कि भारत की सांस्कृतिक संपन्नता हिंद महासागर जितनी ही विराट है।

बीते चार वर्षों से मेरा यह निरंतर प्रयास रहा है कि प्रधानमंत्री होने के नाते मैं खुद देश के कोने कोने में जाऊं और आपसे संवाद करूं। सबका साथ, सबका विकास, यानि विकास से देश का कोई नागरिक भी न छूटे और कोई कोना भी अछूता न रहे, इसी भावना का ये प्रकटीकरण है।

अंडमान-निकोबार समेत देश के समुद्र तटीय इलाके में रहने वाले खोपरा और नारियल की खेती से जुड़े लोगों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खोपरा की खेती में न्यूनतम समर्थन मूल्य में प्रति क्विंटल दो हजार रुपए की बढ़ोतरी की है।

केंद्र सरकार मछुआरों को सशक्त करने में जुटी है। देश में मछली पालन को लाभकारी बनाने के लिए सात हजार करोड़ के विशेष फंड का प्रावधान किया गया है। मछुआरों को आसान ऋण मुहैया कराया जा रहा है।

अंग्रेजों के नाम पर पड़े द्वीपों के नाम बदलेंगे मोदी
मोदी जिन द्वीपों के नाम बदलने का ऐलान करेंगे, उनमें रॉस आइलैंड, नील आइलैंड और हैवलॉक आइलैंड शामिल हैं। इन्हें क्रमश: नेताजी सुभाष चंद्र बोस आइलैंड, शहीद द्वीप और स्वराज द्वीप नाम दिया जा सकता है। दरअसल, 30 दिसंबर 1943 को नेताजी ने दूसरे विश्व युद्ध में जापानियों द्वारा इन द्वीपों पर कब्जा किए जाने के बाद यहां पहली बार तिरंगा फहराया था।

 

तब उन्होंने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नाम बदलकर शहीद और स्वराज द्वीप करने का सुझाव दिया था। इस दिन की याद में मोदी डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds