महाराष्ट्र में 9 बजे तक 5.46 फीसदी वोटिंग

मुंबई ,21 अक्टूबर (इ खबरटुडे)।महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। प्रदेश की सभी 288 सीटों पर एक चरण में ही मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन है। नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से मतदान के महायज्ञ में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है। मतदान के लिए चुनाव आयोग, पुलिस एवं प्रशासन की पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। मुंबई पुलिस का कहना है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सुरक्षा के मद्देनज़र तकरीबन चालीस हजार पुलिसकर्मियों को नियोजित किया गया है। चुनावी प्रक्रिया पर पूरी तरह से नजर रखने के लिए अब ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
महाराष्ट्र में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और बारामती से पार्टी प्रत्याशी अजीत पवार ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनका मुकाबला भाजपा के गोपीचंद पदालकर से है। अभिनेता शोभा खोटे ने अंधेरी वेस्ट विधानसभा सीट पर वोट किया। सभी की नजर में मुंबई पर है, जहां बड़े-बड़े स्टार मतदान करेंगे।