April 30, 2024

मतदाताओं के आभार के लिये रैली में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह रहेंगे मौजूद

लगातार दूसरी बार उज्जैन में भाजपा की सरकार
12 बजे से पूर्व आये अधिकांश वार्डों के परिणाम, कांग्रेस नकारात्मक स्थितियों का बखान करती रही

उज्जैन 16 अगस्त(इ खबरटुडे)। उज्जैन की नगर सरकार लगातार दूसरी बार भाजपा देने जा रही है। भाजपा की ओर से नगर सरकार के लिये कड़ी मशक्कत की गई। इसी का परिणाम यह रहा कि निर्वाचन के परिणाम उसके पक्ष में रहे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान खुद नगर सरकार के लिये नगर के 54 वार्डों में प्रचार के लिये मैदान में उतरे थे। 1994 से यह पहला अवसर रहा जब लगातार दूसरी बार नगर सरकार भाजपा की निर्वाचित हुई है। कांग्रेस इस चुनाव में नकारात्मकता का बखान तो करती रही लेकिन इसे भुनाने में नाकामयाब रही है। मतदाताओं का आभार जताने के लिये सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उज्जैन आ रहे हैं। वे आभार रैली में मतदाताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।
ऐसी मान्यता है कि सिंहस्थ में भाजपा की सरकार नगर में रही है। इस बार उस मान्यता को फिर से बल मिला है। वर्ष 2016 में होने जा रहे सिंहस्थ आयोजन की जिम्मेदारी नगर भाजपा सरकार उठायेगी। रविवार को नगर निगम निर्वाचन की मतगणना में भाजपा महापौर प्रत्याशी मीना विजय जोनवाल ने विजयश्री वरण की। इसी प्रकार 54 वार्ड पार्षदों के पद में से 34 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। कांग्रेस को मात्र 14 पार्षद पद मिले। 6 पार्षद पदों पर निर्दलीयों ने कब्जा जमाया है।
कांग्रेस की युवा टीम ही रही मैदान में
कांग्रेस शुरुआत से इस निर्वाचन में पिछड़ी हुई नजर आई। महापौर प्रत्याशी पद की घोषणा देरी से हुई। पार्षद पद प्रत्याशियों की घोषणा देरी से हुई। इसके साथ ही डेमेज कंट्रोल करने में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का रुझान कम रहा। कांग्रेस ने नगर निगम उौन का चुनाव पूरी तरह से युवाओं के भरोसे छोड़ दिया था। प्रदेश अध्यक्ष मात्र चुनाव के पूर्व उौन आये थे और प्रचार के लिये कांग्रेस की ओर से मैदान में महापौर पद प्रत्याशी के लिये युवा टीम ही डटी रही। जिला पंचायत अध्यक्ष महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा की टीम कांग्रेस प्रत्याशी के लिये मशक्त करती रही। किसी बड़े नेता ने इस दौरान उौन पहुंचकर इसे आधार नहीं दिया। यही कारण रहा कि कांग्रेस नकारात्मकता का बखान तो करती रही लेकिन उसे भुनाने में नाकाम रही है।
वार्ड 50 में मतदाताओं ने इतिहास बदला
सन् 1994 से नगर निगम निर्वाचन में वर्तमान वार्ड क्र. 50 ऋषिनगर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलता रहा है। पूर्व में यहां से अशोक वर्मा, अरुण देशपांडे, अमित श्रीवास्तव, अर्चना काले भाजपा की ओर से पार्षद निर्वाचित हुए। यह पहला अवसर रहा जब कि बुध्दिजीवी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी विकास रमेश मालवीय को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है। मतदाताओं ने यहां 20 साल के इतिहास को तब्दील कर दिया।
अधिकांश वार्डों के परिणाम 12 बजे पूर्व
नगर निगम निर्वाचन के तहत रविवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में मतगणना की गई। इस दौरान अधिकांश वार्डों के परिणाम दोपहर 12 बजे पूर्व ही आ चुके थे। कुछ वार्डों को लेकर ही परिणाम में देरी रही।
पुनर्मतगणना की मांग खारिज
मतगणना के बाद जिन वार्डों में कम मतों से फैसला आया था। ऐसे वार्डों में निकटतम प्रतिद्वंद्वी की ओर से पुनर्मतगणना की मांग की गई। स्थितियों और नियमों के साथ रिटर्निंग अधिकारी ने मांगों को खारिज कर दिया।
पार्षद पद में करीब 13 हजार नोटा मत
रविवार को हुई मतगणना में महापौर पद के लिये कुल 4229 मत नोटा पर दिये गये हैं। इसी प्रकार एक वार्ड से अधिक मतदाताओं ने 54 वार्डों में नोटा का बटन दबाया है। 54 वार्डों में कुल 12 हजार 728 मत नोटा पर दिये गये। इससे नकारात्मक स्थितियों का आंकलन किया जा सकता है।
वशिष्ठ जीते सर्वाधिक मतों से
मतगणना में वार्ड क्र. 52 के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र वशिष्ठ ने सर्वाधिक मतों से जीत कर इतिहास बनाया है। उन्होंने भाजपा की बबीता चौहान को 2 हजार 376 मतों से पराजित किया। दूसरे नंबर पर सर्वाधिक मतों से जीतने वाले प्रत्याशियों में वार्ड क्र. 17 से भाजपा प्रत्याशी मांगीलाल कड़ेल (मांगू पहलवान) रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिनेश टाटावत को 2348 मतों से पराजित किया।
16 मतों से जीते अमजद खान
मतगणना में वार्ड क्र. 16 से भाजपा प्रत्याशी अमजद खान को कुल 2230 मत प्राप्त हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी इंडियन नेशनल कांग्रेस के अब्दुल गफ्फार पहलवान को 2214 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार अमजद खान को मात्र 16 मतों से निर्वाचित घोषित किया गया।
एक नजर में महापौर मीना जोनवाल
महापौर निर्वाचित मीना विजय जोनवाल 8 मई 1977 को जन्मी। उनके पति विजय जोनवाल भाजपा केशवनगर मंडल के अध्यक्ष हैं और पति से ही उन्हें राजनीति का ज्ञान मिला। वर्तमान बोर्ड में वे वार्ड क्र. 48 से पार्षद थीं। वे भाजपा की अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्र सेविका समिति की भी सदस्य हैं। दर्शन शास्त्र से स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त श्रीमती जोनवाल ने पार्षद रहते हुए वार्ड क्र. 48 में विकास कार्य किये।
पत्रकारों-पुलिस में विवाद
मतगणना स्थल पर पत्रकारों और पुलिस में मोबाइल अंदर ले जाने को लेकर अच्छी खासी विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। मतगणना स्थल पर बने मीडिया स्थल तक पत्रकार मोबाइल लेकर जाना चाहते थे। कुछ पत्राकारों को रोक दिये जाने पर विवाद की स्थिति निर्मित हुई। इससे पूर्व कई पत्रकार मोबाइल अंदर लेकर जा चुके थे। यही नहीं अधिकारी भी मोबाइल ले जा चुके थे। आकस्मिक रुप से इस रोक टोक पर पत्रकारों ने सवाल खड़ा किया। इसी को लेकर विवाद फैला हुआ बादशाह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रशासन के अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
मुर्दाबाद के नारे लगे
मीडिया के साथ पुलिस का विवाद और इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मीडिया के सत्कार में कमी को लेकर अच्छ-खासी विवाद की स्थिति बनी। कवरेज के लिये पहुंचे पत्रकारों ने यहां जमकर मुर्दाबाद के नारे लगा दिये। पुलिस और प्रशासन दोनों के खिलाफ यह स्थिति रही। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने करीब 70 पत्रकारों को एक ढाबे में लेकर जाकर भोजन ग्रहण करवाया।
नाश्ते पर साढ़े 8 घंटे
रविवार को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय पर मतगणना के लिये करीब 600 कर्मचारियों को लगाया गया था। 14 राउंड की मतगणना की गई। कर्मचारी-अधिकारियों को सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर बुलाया गया था। यहां पर नाश्ते और चाय के बाद सभी को मतगणना के लिये सुबह 7 बजे से लगा दिया गया। दोपहर ढाई बजे मतगणना का कार्य पूरी तरह से पूर्ण हुआ। इस दौरान साढ़े 8 घंटे कर्मचारी-अधिकारियों को नाश्ते पर ही काम चलाना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक नगर निगम निर्वाचन के लिये बजट के अभाव में यह स्थिति निर्मित हुई।
काम का फल मिला
मतगणना के बाद सामने आये परिणाम को लेकर पूर्व महापौर रामेश्वर अखण्ड ने कहा कि यह तो होना ही था। स्थिति सामने थी। यह काम का फल मिला है। जिस आगर रोड को लेकर नकारात्मक स्थिति बनाई जा रही थी उसके विपरीत आगर रोड क्षेत्र के वार्डों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। असल में योजनाबध्द तरीके से नकारात्मकता के लिये षडयंत्र फैलाया गया था। हमारे बोर्ड ने उपलब्धिकारक ऐतिहासिक काम किये। जनता जनार्दन का निर्णय इसे साबित कर रहा है।
भाजपा की आभार रैली महाकाल मैदान से
प्रचंड जीत पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की आभार रैली का आयोजन किया गया है। नगर भाजपा अध्यक्ष इकबालसिंह गांधी संभागीय मीडिया प्रभारी जयप्रकाश जूनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आभार रैली महाकाल मैदान से प्रारंभ होगी। इससे पूर्व बाबा श्री महाकालेश्वर से आशीर्वाद लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में रैली का आयोजन आयोजन किया गया है। रैली में नवनिर्वाचित महापौर मीना विजय जोनवाल सहित भाजपा के विजयी हुए पार्षद पद प्रत्याशी के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान मौजूद रहेंगे। रैली प्रात: 10 बजे निकलेगी। रैली का विसर्जन भाजपा लोकशक्ति कार्यालय फ्रीगंज पर होगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds