April 29, 2024

मक्का हादसे में मारे गए 14 भारतीयों और 13 घायलों के नाम

मीना   25 सितम्बर (इ खबरटुडे)।सऊदी अरब के मक्का के निकट मीना में कल हजयात्रियों की भगदड़ में मरने वालों में 14 भारतीय हाजी शामिल हैं और घायलों में 13 अन्य भारतीय हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने न्यूयॉर्क में एक बयान में बताया कि जेद्दाह स्थित भारतीय वाणिज्य दूत ने सूचना दी है कि मीना में कल मची भगदड़ में मारे गये लोगों में 14 तथा घायलों में 13 भारतीय नागरिक हैं। घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

भारतीय हज मिशन से प्राप्त सूचना के अनुसार मृतकों में नौ गुजरात, दो तमिलनाडु, दो झारखंड और एक महाराष्ट्र के हज यात्री हैं। घायलों में लक्षद्वीप, असम, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, ओडिशा, केरल और उत्तर प्रदेश के एक-एक हाजी जबकि पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर के दो-दो हाजी शामिल है।सऊदी अरब में सालाना हज यात्रा के दौरान मीना में कल शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के समय मची भगदड़ में कुचल कर 717 लोगों की मौत हो गई और 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए है।
मिशन से प्राप्त सूचना के अनुसार मृतकों के नाम हैं…
1. शम्सुद्दीन मोहम्मद इब्राहीम (तमिलनाडु) 2.मोहिदीन पिचाई (तमिलनाडु) 3.मोहम्मद रुस्तम अली (झारखंड) 4.नियाजुल हकम मंसूरुल हकम (झारखंड) 5.सलीम यूसुफ शेख (महाराष्ट्र) 6.मोहम्मद हनीफ हसन भाई शेख (गुजरात)7.शेख मदीनबीबी (गुजरात)8.दीवान अयूबशा (गुजरात)9.दीवान जुबैदाबीबी (गुजरात)10.सौदा रहमत कासम (गुजरात)11.बेतरा फातिमाबेन करीम (गुजरात)12.बोलिम हावबाई इशाक (गुजरात) 13.नागौरी जोहराबीबी मोहम्मद शफी (गुजरात) 14.नागौरी रुखसाना मोहम्मद इशाक (गुजरात)
घायलों के नाम हैं
1.रुलियत पक्कियोदा (लक्षदीप) 2.अब्दुल कयूम (पश्चिम बंगाल)3.रईछा बेगम (पश्चिम बंगाल)4.सारा बेगम (जम्मू-कश्मीर)5.गुलाम अहमद शेरगुरेजी (जम्मू-कश्मीर)6.जहानुर बेगम (असम)7.महबूब (महाराष्ट्र)8.अत्तारी हातिम (राजस्थान)9.मंजूर हुसैन हबीबुल्ला शेख (गुजरात)10.मोहम्मद फजीज़ुल (बिहार)11.मोहम्मद अब्दुल हमीद (ओडिशा)12.अयीसोमा मरियादन (केरल) 13.हैदर अली (उत्तर प्रदेश)
मिशन से प्राप्त सूचना के अनुसार घायलों का मक्का एवं मीना के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। भारतीय अधिकारी किसी भी सहायता के लिये मौजूद है। एक मृतक सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था। हताहतों में अधिकतर लोग निजी टूर ऑपरेटरों के माध्यम से आये थे।
मक्का में आपातकालीन नंबर  00966125458000 और 00966125496000 काम कर रहे हैं। वहीं मौजूद भारतीय हाजियों की मदद के लिये एक टोल फ्री नंबर 8002477786 भी सक्रिय है।
वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमनेई ने सऊदी अरब के मक्का शहर के मीना में हज के दौरान भगदड़ मचने से 717 लोगों की मौत के लिए वहां की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। खमनेई की वेबसाईट पर जारी बयान के मुताबिक सऊदी सरकार को इस दुखद घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिये। यह भगदड़ वहां की कुप्रबंधन और अव्यवस्थाओं की वजह से हुआ। ईरान के तसनीम और फार्स संवाद समिति के मुताबिक इस भगदड़ में लगभग 125 ईरानी नागरिकों की मृत्यु हुई है। इस आपदा पर आधिकारिक शिकायत दर्ज करने के लिए तेहरान ने सऊदी अरब के उपराजदूत को तलब किया।
कैसे हुआ हादसा
सरकारी सऊदी प्रेस एजेंसी के मुताबिक शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के लिए जमारात जा रहे लोगों की भीड़ अचानक बढ़ गई जिसके बाद यह हादसा हुआ। यह घटना जमारात को जाने वाले दो रास्तों को जोड़ने वाले स्थान पर हुई।
आंध्र के 400 हज यात्री सुरक्षित
आंध्र प्रदेश के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आबिद रसूल खान ने बताया, मेरे शिविर में करीब 400 हज यात्री थे। वे सभी सुरक्षित हैं लेकिन मैं कुछ लोगों को फोन कर अन्य लोगों की खैरियत के बारे में पूछ रहा हूं। भारतीय हज मिशन के चिकित्सकों को मीना और मक्का के विभिन्न अस्पतालों में तैनात किया गया है ताकि यह पता किया जा सके कि कितने और भारतीय हताहत हुए हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, जेद्दा में हमारा दूतावास भगदड़ के बाद स्थिति पर नजर रख रहा है।
चार हजार लोग बचाव व राहत कार्य में जुटे
नागरिक प्रशासन के अफसरों ने बताया, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए चार हजार लोग जुटे हैं। इसके अलावा 220 एंबुलेंस भी हैं। हादसे की जगह दो चिकित्सा दल भेजे गए हैं। हमारी टीमें हज यात्रियों को सुरक्षित रास्तों से ले जाने के लिए मौके पर मौजूद हैं।
बकरीद मातम में बदली
सऊदी अरब में गुरुवार को ही बकरीद का पर्व भी था, ऐसे में इस हादसे ने कई घरों में मातम फैला दिया। गुरुवार को हज का भी आखिरी दिन था। बता दें कि हज यात्रा इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक महत्वपूर्ण स्तंभ है जिसे हर उस मुसलमान के लिए जीवन में कम से कम एक बार करना जरूरी है, जो सक्षम है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds