May 16, 2024

भाजपा ही कर सकती है देश का भला – मुख्यमंत्री श्री चैहान

मुरैना-श्योपुर में जनआशीर्वाद यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत
भोपाल,04 सितम्बर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा है कि मैं सोने का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ। सामान्य किसान के परिवार से हूं। नजदीक से किसानों, गरीबों की समस्याएं देखी। भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है जहां राजा-महाराजा को नहीं सामान्य कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया जाता है। श्री चैहान आज मुरैना तथा श्योपुर में जनआशीर्वाद यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश का भला कर सकती है। श्री चैहान की इस यात्रा के दौरान पहली मंच सभा छैरा में हुई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  प्रभात झा विशेष रूप से मौजूद थे।
श्री चैहान ने कहा कि पिछले आठ साल में मेरी हर सांस जनकल्याण तथा मध्यप्रदेश के विकास के लिये चली। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी जमाने के आधी शताब्दी से अधिक शासन काल और हमारे इन दस वर्षों के शासन की उपलब्धियों को तराजू पर तौल कर देंखे। हालत ऐसी थी प्रदेश में सड़कें समाप्त हो गई थी। बिजली कभी आती नहीं थी। पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई थी। उन्होंने बताया कि एक बार तत्कालीन मुख्यमंत्री के पास जाकर जब बिजली समस्या का जिक्र किया तो उन्होंने कहा कि बिजली पेड़ पर नहीं लगती। संसद सदस्य के उस कार्यकाल में ही मैंने संकल्प लिया कि मध्यप्रदेश में 24 घंटे बिजली लाकर दिखायेंगे। आज मध्यप्रदेश में भरपूर बिजली है।
राजे-महाराजे, नवाबों के जमाने तक मध्यप्रदेश में कुल 40-45 हजार किलोमीटर सड़कें बन पायी थीं। पिछले नौ वर्ष में ही 90 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। प्रदेश में भाजपा सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाने का संकल्प लिया। कांग्रेस के जमाने में किसानों को जहां 18 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलता था, हमने जीरो प्रतिशत कर दिया। इतना ही नहीं फसल की भरपूर कीमत देने के लिये गेहूं और धान पर 150 रूपये क्विंटल बोनस भी दिया। ओला-पाला, अतिवृष्टि पर होने वाले नुकसान पर पहले किसानों को ऊंट के मुंह में जीरा की तरह मदद मिलती थी। गरीब का मकान गिर जाये तो उन्हें 6 हजार रूपये दिये जाते थे। इसे बढ़ाकर हमने 70 हजार रूपये कर दिया है। श्री चैहान ने कहा कि किसानों से महंगा गेहूं खरीदकर केवल एक रूपया किलो पर गेहूं उपलब्ध कराने वाला मध्यप्रदेश देश में अनूठा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी मुख्यमंत्री के राज में गरीब भूखा सो जाये उसे चुल्लू भर पानी में डूब कर मर जाना चाहिये। ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अधिकार नहीं। इसीलिये यह निर्णय लिया गया कि एक दिन की मजदूरी में ही पूरे महीने का राशन आ जाये। उन्होंने कहा कि मेरा मिशन है कि मध्यप्रदेश विकास में भारत का नम्बर एक राज्य बने।
श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि श्री शिवराज सिंह चैहान अन्य मुख्यमंत्रियों की तरह नहीं है। श्री चैहान के पास अधिकार, ताकत, सत्ता सब कुछ है पर वे अपने आप को शासक नहीं जनता का प्रथम सेवक मानते हैं। उन्होंने सेवा भाव से सरकार चलाई। हर वर्ग चाहे किसान हो, युवा हो, बेटियां हो या गरीब परिवार सबके लिये कार्य किया। सफल सरकार चलाने के बाद पुनः जनआर्शीवाद लेने आये हैं।
ग्राम जौरा में अभूतपूर्व स्वागत
मुख्यमंत्री श्री चैहान का आज मुरैना जिले के ग्राम जौरा में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। गांव में आस-पास के क्षेत्रों को मिलाकर लाख के आंकड़े को छूती उत्साहजनक जनता उपस्थित थी। इसे देखकर श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जैसा स्वागत श्री शिवराज सिंह चैहान का आज यहां हुआ, इतिहास में पहले किसी नेता का नहीं हुआ। जौरा में सैकड़ों छात्राएं मध्यप्रदेश शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई साईकिल पर धन्यवाद मामा जी का नारा लिखकर सड़क के दोनों और खड़ी थीं। श्री चैहान ने यहां कहा कि वे प्रदेश के बेटा-बेटियों के ऐसे मामा हैं जो सबको खुश देखना चाहते हैं। हर चेहरे पर मुस्कुराहट देखना चाहते हैं।
कांग्रेस के शासनकाल की आलोचना करते हुये श्री चैहान ने कहा कि प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। अब केन्द्र सरकार ने भी पूरे देश को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों का व्यापार नष्ट करने के लिये विदेशी कम्पनियां लाने का षड़यंत्र केन्द्र सरकार द्वारा किया गया। श्री चैहान ने कहा कि जब तक वे मुख्यमंत्री हैं फुटकर व्यापार में विदेशी कम्पनियों को कदम नहीं रखने देंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds