May 21, 2024

प्रदेश में 121 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसल की बोवनी

भोपाल 18 अगस्त(इ खबरटुडे) प्रदेश में खरीफ फसलों का लक्ष्य पार कर भरपूर बोवाई की गई है। सभी प्रमुख फसलों की लक्ष्य अनुसार या लक्ष्य से अधिक बोवाई हुई है। प्रदेश की प्रमुख फसल सोयाबीन ने भी अपने निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। अब तक राज्य में लगभग 121 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलें बोई गई हैं। प्रदेश में खरीफ फसलों का सामान्य रकबा 104 लाख हेक्टेयर है। खरीफ फसलों के लगभग आधे क्षेत्रफल में बोई जाने वाली सोयाबीन की बोवाई 58 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में की गई है। लक्ष्य 56 लाख 50 हजार हेक्टेयर है। गत वर्ष सोयाबीन 55 लाख 46 हजार हेक्टेयर में ही बोई गई थी।

खरीफ की प्रमुख अनाज फसलों की अपेक्षा किसानों ने इस वर्ष तिलहन तथा दलहन फसलों में अधिक रुचि ली है। धान अपने लक्ष्य 21 लाख 12 हजार हेक्टेयर के मुकाबले 17 लाख 75 हजार हेक्टेयर, मक्का 11 लाख 43 हजार हेक्टेयर लक्ष्य की तुलना में 10 लाख 87 हजार हेक्टेयर, ज्वार 2 लाख 20 हजार हेक्टेयर लक्ष्य के विपरीत 2 लाख हेक्टेयर में बोई गई है। इस प्रकार अब तक अनाज फसलों की बोवाई लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत हो गई है। दलहनी फसलों में तुअर अपने निर्धारित 5 लाख 86 हजार हेक्टेयर के विरूद्ध 5 लाख 81 हजार हेक्टेयर, उड़द 8 लाख 9 हजार हेक्टेयर से आगे निकलकर 9 लाख 12 हजार हेक्टेयर, मूंगफली 3 लाख 28 हजार हेक्टेयर से अधिक 2 लाख 34 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में तथा कपास 5 लाख 46 हजार हेक्टेयर में बोई गई है।

कृषि संचालक श्री मोहनलाल के अनुसार प्रदेश में फसलों की सामान्यत: स्थिति अच्छी है। सोयाबीन में जहाँ कहीं कीट और बीमारी की सूचनाएँ प्राप्त हो रही हैं वहाँ तत्काल ही किसानों को सीख-सलाह के साथ पौध संरक्षण सामग्री के रूप में सहायता पहुँचाई जा रही है। फसलों की स्थिति और कठिनाइयों से संबंधित नियंत्रण कक्ष राज्य तथा जिला स्तर पर बनाये गये हैं। कृषि वैज्ञानिक और कृषि अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर जरूरत के अनुसार कार्यवाही की जा रही है।

 

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds