May 14, 2024

डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन

कलेक्टर से चर्चा के बाद शान्त हुए कर्मचारी
रतलाम,1 फरवरी(इ खबरटुडे)। डिप्टी कलेक्टर विजयलक्ष्मी जैन से नाराज कर्मचारियों ने आज फिर सुश्री जैन के खिलाफ अपने आक्रोश का जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में कलेक्टर से चर्चा के बाद कर्मचारियों ने सामान्य कामकाज शुरु किया।

उल्लेखनीय है कि सुश्री जैन के व्यवहार से नाराज कर्मचारियों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए सुश्री जैन के साथ काम करने से इंकार कर दिया था। गुरुवार को कलेक्टर राजीव दुबे रतलाम में मौजूद नहीं थे,इसलिए कर्मचारियों ने अपने विरोध प्रदर्शन को आज तक के लिए टाल दिया था।
आज सुबह जैसे ही दफ्तर खुलने का समय हुआ, कलेक्टोरेट के सारे कर्मचारी दफ्तरों से बाहर निकल आए और उन्होने सुश्री जैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित कर्मचारियों ने कलेक्टोरेट परिसर में ही जुलूस भी निकाल लिया।
कर्मचारी कलेक्टर राजीव दुबे को ज्ञापन देना चाहते थे। आज का दिन राष्ट्रगान दिवस था। कलेक्टोरेट के नए सभागृह में सारे अधिकारी राष्ट्रगान के लिए मौजूद थे,लेकिन कर्मचारी वहां नहीं पंहुचे। जब कर्मचारियों ने कलेक्टर से मिलने की इच्छा जाहिर की,कलेक्टर श्री दुबे का कहना था कि कर्मचारियों ने राष्ट्रगान में शामिल नहीं होकर राष्ट्रगान का अपमान किया है,इसलिए वे कर्मचारियों का ज्ञापन नहीं लेंगे। दूसरी ओर कर्मचारियों का कहना था कि उन्होने बाहर ही राष्ट्रगान कर लिया था। हांलाकि बाद में उन्होने कर्मचारी नेताओं को अपने कक्ष में बुलवा लिया और उनसे विस्तार से चर्चा की।
कर्मचारी नेताओं और कलेक्टर के बीच हुई बातचीत का खुलासा नहीं हुआ है,लेकिन सूत्रों के मुताबिक कलेक्टर ने आगामी एक दो दिन में उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। कलेक्टर के आश्वासन के बाद सभी कर्मचारियों ने सामान्य कामकाज प्रारंभ कर दिया।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds