April 29, 2024

जिले की जनपद पंचायतों में भाजपा को बढत

तीन पर भाजपा,दो पर कांग्रेस,एक स्थान अनिर्णित

रतलाम,9 मार्च (इ खबरटुडे)। जिले की छ: जनपद पंचायतों के अध्यक्ष पद का चुनाव आज संपन्न हुआ। छ: जनपद पंचायतों में से तीन पर भाजपा को जीत मिली जबकि दो जनपद पंचायतें कांग्रेस के खाते में गई। आलोट जनपद में दोनो प्रत्याशियों को बराबर वोट मिलने से लाटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया जनपद पंचायत कार्यालय पर संपन्न हुई। प्रशासन ने इसके लिए कडे सुरक्षा इंतजाम किए थे। रतलाम जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित था। यहां भाजपा समर्थित संगीता मुकेश मालवीय ने 15 वोट हासिल कर कांग्रेस की भागवंता बाई मांगीलाल हराया। पिपलौदा में भाजपा समर्थित संतोष बाई धाकड चुनाव जीती जबकि बाजना में भाजपा की रामकुंवर मानसिंह देवदा निर्विरोध निर्वाचित हो गई। इसके विपरित सैलाना और जावरा में कांग्रेस को जीत मिली। सैलाना में रुपजी निनामा और जावरा में रामविलास धाकड जनपद पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
सबसे रोचक स्थिति आलोट जनपद पंचायत में बनी। यहां अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से संतोष मालवीय और भाजपा की ओर से कालूसिंह परिहार चुनाव लड रहे थे। जनपद में कुल तेईस सदस्य है। मतगणना पश्चात दोनो ही प्रत्याशियों को ग्यारह-ग्यारह मत प्राप्त हुए और एक मत निरस्त हो गया। दोनो ही प्रत्याशियों को समान मत मिलने की दशा में अब यहां गोटी डालकर फैसला किया जाएगा। सभी जनपद पंचायतों में दोपहर बाद उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन किया जाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds