October 15, 2024

इंदौर में फिर लॉकडाउन लगा तो हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे कई उद्योग

इंदौर,14 जुलाई( इ खबर टुडे)।एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज के दोबारा लॉकडाउन लागू करने को लेकर चिंता जताई है। एसोसिएशन ने कहा कि दोबारा लॉकडाउन हुआ तो कई उद्योग हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे। इसके पदाधिकारियों का कहना है कि दो महीने की विषम परिस्थिति के बाद उद्योग सुधार की ओर बढ़ रहे हैं।

एक बार फिर लॉकडाउन हुआ तो इनका भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद डफरिया ने कहा है कि शहर के वर्तमान हालात निश्चित ही चिंताजनक हैं। दोबारा लॉकडाउन लागू किया जाता है तो औद्योगिक क्षेत्रों को इससे मुक्त रखा जाना आवश्यक होगा।

एसोसिएशन ने सांसद शंकर लालवानी और कलेक्टर मनीष सिंह को इस संबंध में पत्र लिखकर सुझाव भी दिए है। इसमें कहा गया है कि अनलॉक के बावजूद उद्योगों में 50 प्रतिशत उत्पादन कार्य ही आरंभ हो सका है। उद्योगों ने श्रमिकों को मुश्किल से बाहर से बुलाकर जैसे-तैसे उत्पादन शुरू किया है। दोबारा लॉकडाउन होने से श्रमिकों का पलायन होगा जिससे उद्योगों को नुकसान होगा।

ये भी कहा पत्र में

  • कुटीर, सूक्ष्म व लघु श्रेणी के उद्योगों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उद्योगों पर बैंक ब्याज, बिजली शुल्क, श्रमिकों के वेतन आदि का भार आएगा। ऐसी स्थिति में उद्योगों के लिए परेशानी से उभरना मुश्किल होगा।
  • कई उद्योग आवश्यक वस्तुओं के अलावा अन्य वस्तुओं का निर्माण करते हैं। इन्हें भी बंदी से मुक्त रखा जाए।
  • औद्योगिक गतिविधियां आरंभ होने से राजस्व में इजाफा हुआ है। दोबारा लॉकडाउन लगाने से राजस्व में कमी आएगी। उद्योगों में पिछले दो महीने में कोई भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला और न ही उद्योगों के कारण कोरोना फैला।
  • उद्योगों ने समय-समय पर जारी शासन-प्रशासन के समस्त कोविड दिशा-निर्देशों का पालन किया तथा अपने कारखाने में भी कराया है। ऐसी स्थिति में उद्योगों को दोबारा लॉकडाउन से मुक्त रखा जाए।

You may have missed