September 22, 2024

जयराम ठाकुर आज लेंगे CM पद की शपथ, मोदी-शाह होंगे शामिल

शिमला,27 दिसंबर(इ खबर टुडे)। हिमाचल प्रदेश बुधवार को एक नए इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। जहां पहली बार मंडी के विधायक जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे वहीं पीएम पहली बार इस शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे शिमला के रिज मैदान पर होगा जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ठाकुर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे।

शपथ से पहले ठाकुर को अपने पिता की याद आ गई और उन्होंने कहा कि आज मेरे पिता होते तो बड़ी खुशी होती। उनका एक साल पहले निधन हो गया। मेरे माताजी भी अस्वस्थ्य हैं लेकिन उनका आशीर्वाद मेरे साथ है यही बड़ी बात है। लोगों ने हममें विश्वास दिखाया है हम उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
वहीं जयराम ठाकुर की पत्नी साधना ने कहा कि यह आम लोगों के विश्वास की जीत है। सरकार से ढेर सारी उम्मीदें हैं कि वो लोगों की समस्याओं को समझकर उन्हें सुलझाने का प्रयास करेंगे। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं और यद दिन मंडी के लोगों के लिए विशेष है क्योंकि पहली बार इस सीट का कोई विधायक राज्य का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। छोटा राज्य होने के कारण यहां कैबिनेट में 11 मंत्री तक रह सकते हैं लेकिन माना जा रहा है कि आज के शपथ ग्रहण में ठाकुर के साथ 6 से 8 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए शिमला के रिज मैदान पर सुबह से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, नितिन गडकरी, अंनत कुमार गीते, थावर चंद गहलोत बुधवार सुबह पहुंचेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा शिमला पहुंच चुके हैं। पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण अाडवाणी के अलावा राज्यों के मुख्यमंत्री व 6 राज्यों के उप-मुख्यमंत्री शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के विभिन्न भागों से करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

संभावित मंत्री
सुरेश भारद्वाज, किशन कपूर, महेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश धवाला, सरवीण चौधरी, डॉ. राजीव बिंदल, अनिल शर्मा,विपिन परमार, वीरेंद्र कंवर।

हिमाचली टोपी में शपथ लेंगे जयराम
जयराम ठाकुर रायल ब्लू कलर का राउंड नेक कोट और हिमाचली टोपी पहनकर शपथ लेंगे। कोट कांगड़ा में अपने टेलर से सिलवाया है। मंगलवार को शिमला में उनके सरकारी आवास में शपथ समारोह को लेकर तैयारियां पूरी की गईं। जयराम की पत्नी साधना ठाकुर ने बताया कि समारोह के लिए दोपहर करीब दो बजे उनके मायके राजस्थान से रिश्तेदार शिमला पहुंचे हैं।

You may have missed