September 22, 2024

बेंगलुरु में श्रद्धा जैसा हत्याकांड, 29 साल की लड़की के किए 30 टुकड़े, फ्रिज में मिली लाश

बेंगलुरु,22सितंबर(इ खबर टुडे)। बंगलूरू के मल्लेश्वरम इलाके में एक महिला की हत्या के बाद शव के 30 से ज्यादा टुकड़े कर दिए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब महिला के घर में फ्रिज खोलकर देखा तो शव के टुकड़ों को देखकर होश उड़ गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मल्लेश्वरम इलाके में रहने वाली महिला एक मॉल में काम करती थी। महिला अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति शहर से दूर एक आश्रम में काम करता है।

पुलिस को सूचना मिली कि महिला का घर कई दिनों से बंद है और उसे किसी ने देखा नहीं है। इस पर पुलिस ने महिला के घर पहुंच कर जांच की तो उसकी हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने घर में रखे फ्रिज से शव के 30 से अधिक टुकड़े बरामद किए। पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय महिला की हत्या कुछ दिन पहले की गई होगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने मृतक महिला की पहचान कर ली है, लेकिन अभी इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम क्षेत्र) एन सतीश कुमार ने कहा कि व्यालिकावल पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर एक घर में एक महिला का शव टुकड़ों में कटा हुआ और फ्रिज में रखा हुआ मिला। देखने से लगता है कि यह 4-5 दिन पहले किया गया था। उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारी कुमार ने बताया कि शव की पहचान हो गई है। जांच जारी है। जांच के बाद हम और जानकारी देंगे। महिला कर्नाटक में रहती थी, लेकिन मूल रूप से दूसरे राज्य की है। महिला की हत्या की सूचना पर उसका पति भी मौके पर पहुंच गया।

You may have missed