April 28, 2024

अमेरिका के बाल्‍टीमोर में ऐतिहासिक पुल को जहाज ने मारी टक्‍कर, कई लोगों की मौत की आशंका

बाल्टीमोर,26 मार्च(इ खबर टुडे)। मंगलवार की सुबह अमेरिका के बाहरी बाल्टीमोर हार्बर क्षेत्र में एक हादसा हो गया। दरअसल यहां एक मालवाहक जहाज बाल्टीमोर हार्बर को पार करने वाले पुल से टकरा गया। इस हादसे के बाद पुल ढह गया और घटना में कई लोगों की मौत की आशंका है।

बाल्‍टीमोर के फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि एक विशाल मालवाहक जहाज मंगलवार को इस पुल से टकरा गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। उन्‍होंने बताया कि राहत और बचाव अभियान को तेजी से चलाया जा रहा है। इसके बाद मैरीलैंड परिवहन प्राधिकरण ने पुल पर आवाजाही रोक दी है।

कई लोगों की मौत की आशंका
तटरक्षक बल, अग्निशमन विभाग समेत कई एजेंसियों का कहना है कि हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। यह भी बताया जा रहा है कि पुल ढहने के बाद कई कारें और लोग पानी समा गए। कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। कुल मिलाकर यह हादसा एक बड़ी क्षति की ओर इशारा कर रहा है। बाल्टीमोर के अग्निशमन विभाग के निदेशक केविन कार्टराईट ने इस बात की पुष्टि की है कि लगभग सात लोग और कई वाहन नदी में समा गए।

बाल्टीमोर से कोलंबो के लिए रवाना हुआ था जहाज
तटरक्षक बल के अधिकारी ने बताया कि जहाज पर सिंगापुर का झंडा लगा था। मालवाहक जहाज का नाम डाली है और वह 948 फीट लंबा है। यह जहाज बाल्टीमोर से कोलंबो श्रीलंका के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान जहाज फ्रांसिस स्कॉट पुल से जा टकराया।

इस बीच अमेरिक टीवी चैनल सीएनएन ने कहा है कि यह बहुत ही महत्‍वपूर्ण दुर्घटना है। इससे कई सवाल भी उठ रहे हैं। यह अमेरिका के बहुत महत्‍वपूर्ण पुल था। यह पुल न केवल बाल्‍टीमोर के इलाके के लिए महत्‍वपूर्ण था बल्कि जो लोग वॉशिंगटन और न्‍यूयार्क जाना चाहते थे, उनके लिए भी जरूरी था। इस पर से दिनभर बड़ी संख्‍या में वाहन गुजरते थे। अधिकारियों ने इसे आपातकाल करार दिया है।

1977 में खोला गया था फ्रांसिस स्कॉट ब्रिज
यह पुल आम जनता केलिए 1977 में खोला गया था। इसका नाम अमेरिका के विख्यात लेखक फ्रांसिस स्कॉट के नाम पर रखा गया था। फ्रांसिस स्कॉट पुल की लंबाई 1.6 मील है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds