Search Operation Fail : रात भर चला सर्च आपरेशन लेकिन फिर भी नहीं मिला तेंदुआ,औद्योगिक क्षेत्र पार करने का अनुमान

रतलाम,16 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। रविवार को शहर की रेलवे कालोनी में घुसे तेंदुएं की खोज का अभियान पूरी रात भर चला। लेकिन फिर भी तेंदुए को पकडा नहीं जा सका। सोमवार शाम को अंतिम समाचार लिखे जाने तक भी तेंदुए की कोई खबर नहीं मिली थी। अनुमान है कि तेंदुआ औद्योगिक क्षेत्र में घुस कर औद्योगिक क्षेत्र को भी पार कर चुका है।
उल्लेखनीय है कि रविवार दोपहर को रेलवे कालोनी में तेंदुए द्वारा एक व्यक्ति को घायल किए जाने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। तेंदुए की खबर मिलने पर वन विभाग का अमला पिंजरे लेकर मौके पर पंहुचा था। वन विभाग द्वारा तेंदुआ पकडने के लिए उज्जैन और इन्दौर से विशेष टीमे बुलाई गई थी,जो देर शाम को रतलाम पंहुच गई थी।
ट्रैंक्युलाइजर गन लेकर रतलाम पंहुची इन्दौर और उज्जैन की टीमें और रतलाम वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रुप से रविवार की पूरी रात तेंदुए का सर्च आपरेशन चलाया,लेकिन तेंदुए की कोई खबर नहीं मिल पाई। वन मण्डलाधिकारी डीएस निगवाल स्वयं रात भर इस सर्चआपरेशन की मानिटरिंग करते रहे। लेकिन तेंदुए की कोई खबर नहीं मिल पाई।
सोमवार दोपहर को तेंदुए को औद्योगिक क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी वहां भी पंहुचे,लेकिन तेंदुआ वहां से भी निकल गया। डीएफओ श्री निगवाल ने इ खबरटुडे को बताया कि तेंदुए को लगातार सर्च किया जा रहा है,लेकिन लगता है कि औद्योगिक क्षेत्र में पंहुचने के वाद वह वहां से भी आगे निकल गया और जंगल की तरफ चला गया। उन्होने कहा कि वन विभाग का अमला सतर्क है। कहीं से भी तेंदुए की सूचना मिलती है,तो वनकर्मी तुरंत उसको पकडने के लिए पंहुच जाएंगे।