September 20, 2024

सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की करोड़ों की संपत्ति जब्त, बुलडोजर-फोर्स के साथ पहुंची ED टीम

जौनपुर,02 अगस्त(इ खबर टुडे)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर से समाजवादी पार्टी सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई हुई है। ईडी ने लखनऊ के कानपुर रोड पर स्थित बाबू सिंह कुशवाहा की करोड़ों की संपत्ति को जब्त कर लिया है। ईडी की टीम बुलडोजर के साथ कानपुर रोड पहुंची है।

कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया के सामने जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की करोड़ों रुपये की भूमि को जब्त करने ईडी की टीम पहुंच गई है। निर्माण कार्य तोड़ने के लिए बुलडोजर साथ लेकर पहुंची। जौनपुर से समाजवादी पार्टी सांसद के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज है। इसी मामले में ईडी की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। एनआरएचएम केस में बाबू सिंह कुशवाहा जेल भी जा चुके हैं। ऐसे में ईडी के ताजा एक्शन ने यूपी की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

करोड़ों की संपत्ति को किया गया जब्त
जौनपुर सांसद के लखनऊ में कानपुर रोड पर करोड़ों की जमीन का मामला सामने आया था। इस मामले में शुक्रवार को ईडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया में बाबू सिंह कुशवाहा की संपत्ति को सीज करने पहुंची। बुलडोजर के साथ पहुंची टीम को देखकर लोग हैरान रह गए। करोड़ों की जमीन को जब्त किया गया।

आठ मामलों में आरोप तय
सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ अब तक आठ मामलों में आरोप तय हो चुके हैं। वहीं, आय से अधिक संपत्ति मामले में उनके खिलाफ लगातार एक्शन चल रहा है। बाबू सिंह कुशवाहा पर आय से अधिक संपत्ति मामला सामेत कई केस चल रहे हैं। उनके खिलाफ ईडी के साथ-साथ सीबीआई की भी जांच चल रही है। कांग्रेस सांसद ने चक्रव्यूह वाले बयान के बाद खुद के खिलाफ ईडी एक्शन की आशंका जताई थी। हालांकि, इंडिया गठबंधन के सांसद पर अब ईडी की गिरफ्त कसती दिख रही है।

लोकसभा चुनाव में दर्ज की थी जीत
बाबू सिंह कुशवाहा ने लोकसभा चुनाव 2024 में जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे बाबू सिंह कुशवाहा ने भाजपा के कृपाशंकर सिंह को मात दी थी। जौनपुर से पूर्व सांसद धनंजय सिंह के भाजपा को समर्थन दिए जाने के बाद भी सपा उम्मीदवार ने अपनी जीत का परचम लहराया। हालांकि, उनके खिलाफ लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति का केस चल रहा है। इस केस में बाबू सिंह कुशवाहा पर ईडी का एक्शन चलता रहा है।

You may have missed