September 20, 2024

होटल संचालक को अपहरण कर धमकाने के मामले में गैंगस्टर सुधाकर राव मराठा पुलिस की गिरफ्त में

रतलाम,08 सितंबर(इ खबर टुडे)। लेनदेन के मामले में बालाजी होटल के संचालक जितेंद्र राठौड़ का अपहरण कर धमकाने के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर सुधाकर राव मराठा को बीती रात गिरफ्त में ले लिया। हालांंकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार रविवार को फेसबुक पर जारी वीडियो में सुधाकर मराठा ने रतलाम में तय कार्यक्रम में आने की बात कही थी। हाट रोड स्थित मंदिर पर आरती में मराठा के आने की संभावना थी। यहां पुलिस उसकी तलाश करती रही थी। इस बीच, मराठा ने रतलाम आने का दावा किया, तो पुलिस एक्शन में आ गई। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे रतलाम आते समय सालाखेड़ी पुलिस चौकी पर मराठा को पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर लेकर चली गई। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

जारी वीडियो में मराठा ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर कहा था कि जब जितेंद्र राठौड़ बात करने आया, तब उनके साथ एक पूर्व पुलिसकर्मी भी था। राठौड़ पर लेनदेन के कई मामले चल रहे हैं। तीन दिन से मामला चल रहा था। मेरे घर पुलिस नहीं आई। मैं इंदौर में अपने तय कार्यक्रम में शामिल होता रहा। मुझे रोकने के लिए इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। मराठा ने कट्टरपंथियों व कांग्रेस नेता का भी जिक्र किया।

तीन महीने से रतलाम में बढ़ी सक्रियता, पुलिस की थी नजर सुधाकर मराठा पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इंदौर के संदीप तेल हत्याकांड में भी मराठा आरोपित है। संदीप तेल मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद गत तीन महीनों से मराठा की रतलाम में सक्रियता बढ़ गई थी। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

You may have missed