September 20, 2024

देश के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन, गुरुग्राम के अस्पताल में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली,11अगस्त(इ खबर टूडे)। यूपीए सरकार में विदेश मंत्री रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ और कद्दावर नेता के. नटवर सिंह का शनिवार रात निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वे 95 वर्ष के थे और गुरुग्राम के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

उन्हें करीब दो सप्ताह पहले गुरुग्राम में भर्ती कराया गया था। पूर्व राजनयिक सिंह 2004-05 में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में विदेश मंत्री थे। वे 1953 में भारतीय विदेश सेवा में चुने गए थे, जिसे उन्होंने 1984 में छोड़ दिया था।

नटवर सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर राजस्थान के भरतपुर से चुनाव लड़ा था और लोकसभा सांसद बने थे। 1985 में उन्हें राज्य मंत्री (एमओएस) के रूप में शपथ दिलाई गई और उन्हें इस्पात, कोयला और खान तथा कृषि मंत्रालय दिए गए। 1986 में वे विदेश राज्य मंत्री बने। सिंह 1987 में न्यूयॉर्क में आयोजित निरस्त्रीकरण और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के अध्यक्ष चुने गए और उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 42वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी किया। उन्होंने लगभग एक दर्जन किताबें भी लिखीं, जिनमें ‘द लिगेसी ऑफ नेहरू: ए मेमोरियल ट्रिब्यूट’, ‘टेल्स फ्रॉम मॉडर्न इंडिया’, ‘ट्रेजर्ड एपिस्टल्स’ और उनकी आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को दिल्ली में किया जाएगा।

You may have missed