May 5, 2024

भाजपा के खिलाफ किया काम, धार नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित पांच पार्षद निष्कासित

धार,06 दिसंबर(इ खबर टुडे)। विधानसभा चुनाव में मतदान होने के बाद परिणाम भी घोषित हो चुके हैं। वहीं अब भाजपा द्वारा अपने अधिकृत प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव लड़ने वाले निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं पर निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को भाजपा ने धार नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित पांच पार्षदों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। वहीं धरमपुरी में आठ कार्यकर्ताओं को अपने वर्तमान पद से मुक्त करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही पीथमपुर, सागौर में भी कार्यकर्ताओं को पद से मुक्त किया है।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा ने नीना वर्मा की स्वागत रैली के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए नपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित पांच पार्षदों पर कार्रवाई करने के लिए कहा था। इस सभा में मंच पर भाजपा के जिलाध्यक्ष मौजूद थे। इस सभा के तीसरे दिन जिलाध्यक्ष ने पार्टी से निष्कासित करने की कार्रवाई कर दी है।

गौरतलब है कि धार विधानसभा में इस बार जबरदस्त घमासान देखने को मिला था। यहां टिकट वितरण के बाद भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने चुनाव लड़ा था। पार्टी ने एक और चुनाव के दौरान तत्काल ही पार्टी के कुछ नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। वहीं, यादव के मंच पर चुनावी सभा में मौजूद रहने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई थी। ऐसे में जब चुनावी परिणाम आए तो आनंद चौपाटी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा द्वारा सभा को संबोधित कर्रवाई करने के लिए कहा गया था।़

वर्मा ने मंच से की थी कार्रवाई की मांग
सभा में विपक्ष सहित उनके विरोध में काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर कड़ी टिप्पणी की गई थी। साथ ही वर्मा द्वारा द्वारा कहा गया था कि मैंने जिलाध्यक्ष को नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित पार्षदों को निष्कासित करने के लिए पत्र सौंप दिया है। इस भाषण के बाद बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की सहमति पर जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी ने नपा अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ाने, उपाध्यक्ष मयंक म्हाले, पार्षद रवि मेहता, लक्ष्मण पटेल, पूजा जितेंद्र अग्रवाल, छगन परमार, अनिता विशाल सिसौदिया को छह वर्ष के लिए निष्कासित किया।

धरमपुरी में इन पर की कार्रवाई
इधर, धरमपुरी के अधिकृत प्रत्याशी कालूसिंह ठाकुर के चुनाव प्रसार में निष्क्रिय पाए जाने वाले कार्यकर्ताओं को पद से मुक्त किया है। इसमें जिला महामंत्री अजजा मोर्चा लालजी डावर बिलोदा, नालछा मंडल अध्यक्ष मनोज पटेल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कपिल चौधरी, मंडल महामंत्री नालछा केशव पंडित कठोडि़या व मनोज भास्कर, मंडल मंत्री श्यामलाल गावर, मंडल उपाध्यक्ष अजजा मोर्चा दिलीप मोहरे, भाजयुमो मंडल महामंत्री मगन भाभर को पदमुक्त किया गया है।

प्रचार में निष्क्रिय होने पर मिली सजा
इसी तरह धार विधानसभा से नीना वर्मा के खिलाफ चुनाव प्रचार में निष्किय पाए जाने वाले कार्यकर्ताओं को पदमुक्त किया है। इसमें पीथमपुर क्षेत्र से व्यापारी प्रकोष्ठ जिला सह संयोजक राजेश जैन, भाजपा मंडल महामंत्री मुकेश पटेल, मंडल मंत्री धर्मेंद्र अकावलिया, भाजयुमो मंडल महामंत्री ललित पटेल व रोहित मेवाड़ा के अलावा सागौर से मंडल उपाध्यक्ष धीरेंद्र पटेल, विजय माली, सुंदरलाल चौधरी व खेल प्रकोष्ठ जिला सह संयोजक राजकुमार रघुवंशी को पदमुक्त किया है।

मंडल कार्यकारिणी को भी किया भंग
वहीं पदाधिकारियों के अलावा भाजपा ने धार ग्रामीण मंडल, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अजा मोर्चा, अजजा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यकारिणी को भंग किया है। वहीं भाजपा दिग्ठान मंडल अध्यक्ष को छोड़कर मंडल कार्यकारिणी व मोर्चा मंडल कार्यकारिणी को भंग कर दी गई है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds