June 26, 2024

EOW Raid : सुपरवाइजर के घर EOW का छापा,करोडों की अनुपातहीन संपत्ति का मामला सामने आया, पूर्व से 85 लाख के गबन की जांच प्रचलित

ज्जैन07 सितम्बर (इ खबरटुडे/ ब्रजेश परमार )। आर्थिक अपराध अन्वेषण उज्जैन ईकाई ने शाजापुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के आगर जिले के कानड के सुपरवाईजर के घर मंगलवार को छापा मार कार्रवाई की है। जांच के दौरान सुपरवाइजर के घर से आय से अधिक संपत्ति संबंधित दस्तावेज और कई बीघा जमीन की जानकारी सामने आई है।

ईओडब्ल्यू उज्जैन ईकाई के एसपी दिलीप सोनी के अनुसार आय से अधिक संपत्ति संबंधित शिकायत के बाद यह छापा मार कार्रवाई की गई। ईओडब्ल्यू की टीम ने सुबह 5:30 बजे कानड़ सहकारी संस्था जिला आगर के सुपरवाइजर शंकर लाल शर्मा के घर पर छापा मारा। सुपरवाइजर शर्मा को बताया गया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओडब्ल्यू का छापा है। सुपरवाइजर के यहाँ आय से अधिक अनुपातहीन सम्पत्ति की जांच में करोड़ों की सम्पत्ति उजागर हुई है। शुरूआती जांच के दौरान ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने पड़ताल की तो शर्मा और उनकी पत्नी के नाम पर 85 बीघा जमीन, 2 मकान, 1 दुकान , एक्स यू वी, आइशर ट्रैक्टर ,दो महंगी बाईक का पता चला है। बैंक खातों में 17 लाख रूपए जमा मिले हैं। इसके अलावा दो अलग-अलग बैंकों में लॉकर भी मिले हैं। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों का दावा है कि नौकरी के दौरान जितना वेतन सुपरवाइजर को मिलना था उससे अधिक संपत्ति जांच के दौरान सामने आ चुकी है। कानड़ सहकारी संस्था ज़िला आगर के तीन ठिकानो पर सर्च देर शाम तक जारी थी। आरोपी पर लगभग 2 साल पहले 85 लाख का ग़बन का आरोप लगा था जिसकी जाँच चल रही है । सुपरवाइजर शर्मा के मकान के नीचे महाकाल रेस्टोरेंट एंड आइसक्रीम सेंटर है। मकान मुख्य रोड पर बना हुआ है। सुबह 5.30 बजे से देर शाम तक ईओडब्ल्यू के अधिकारी शर्मा के निवास संस्था पर संपत्ति की जानकारी निकालने में जुटे हुए थे।बैंक सुत्रों से ईओडब्ल्यू को मिली जानकारी में सामने आया है कि सुपरवाइजर शर्मा पिछले 40 साल से अधिक समय से पदस्थ हैं। क्षेत्र की 6 संस्थाओं का सुपरविजन का जिम्मा संभाले हुए हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी एक किसान द्वारा 26 हजार की धोखाधड़ी की शिकायत की गई थी। उसके बाद आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद उक्त कार्रवाई की गई है।

You may have missed