May 15, 2024

Server Error : सर्वर की गडबडी से दर्जनों रजिस्ट्रियां अधूरी,इ स्टाम्प मिलना भी हुआ मुश्किल,जल्दी सुधरेगी व्यवस्था,उप पंजीयक का दावा

रतलाम,1 जनवरी (इ खबरटुडे)। पंजीयक कार्यालय में अचल सम्पत्तियों की खरीद बिक्री करने वाले पिछले कई दिनों से परेशान है। जमीन मकान आदि का सौदा होने के बाद जब रजिस्ट्री करवाई जाती है,तो पंजीयक कार्यालय से अधूरी रजिस्ट्री प्राप्त हो रही है। किसी दस्तावेज में सम्पत्ति का विवरण ही गायब है तो किसी में रजिस्ट्री के साथ लगने वाले स्टाम्प ही नदारद है। विभाग के अधिकारियो का कहना है कि सर्वर की तकनीकी गडबडी के चलते इस तरह की शिकायतें आ रही है। सर्वर की गडबडी जल्दी ही ठीक कर ली जाएगी।

अभिभाषक राजेश पोरवाल ने बताया कि पिपलौदी निवासी धूलीबाई पाटीदार ने अपना एक भूखण्ड गांव के ही महेश पाटीदार और कैलाश पाटीदार को डेढ लाख रु, में विक्रय किया और इस विक्रयपत्र को उपपंजीयक कार्यालय में पंजीयन के लिए प्रस्तुत किया गया। इस रजिस्ट्री के लिए 4524 रु. पंजीयन शुल्क अदा किया गया,जबकि दस्तावेज के साथ 9806 रु. का स्टाम्प शुल्क अदा किया गया। पंजीयन की प्रक्रिया को विधिवत रुप से पूरा करने के बाद जब उन्हे रजिस्ट्री का दस्तावेज मिला,तो इसमें विक्रय की गई सम्पत्ति का विवरण ही नदारद था,इतना ही नहीं,इस रजिस्ट्र्ी में स्टाम्प भी प्रिन्ट नहीं हुए थे।

इस तरह की समस्या कई लोगों के साथ आ रही है। रजिस्ट्री में सम्पत्ति का विवरण और स्टाम्प अत्यन्त महत्वपूर्ण होते है,और इसके बिना रजिस्ट्री का कोई महत्व नहीं रह जाता। बताया जाता है कि प्रदेश में अनेक स्थानों पर इसी प्रकार की दिक्कतें आ रही थी। इसके अलावा इ स्टाम्प का विक्रय करने वाले सर्विस प्रोवाइडर भी पिछले कई दिनों से परेशान थे। इ स्टाम्प का शुल्क जमा होने के बावजूद इ स्टाम्प प्रिन्ट नहीं हो पा रहे थे।

इस सम्बन्ध में उप पंजीयक आरसी मालवीय ने बताया कि प्रदेश में कई स्थानों पर इसी प्रकार की शिकायतें सामने आ रही थी। मुख्यालय पर प्रदेश के कई स्थानो से इस प्रकार की शिकायतेंं दर्ज कराई जा रही थी। वास्तव में यह समस्या सर्वर की तकनीकी गडबडी के चलते हो रही थी। विभिन्न स्थानों से शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सर्वर की तकनीकी गडबडी को दुरुस्त करवाया है।

श्री मालवीय ने बताया कि रतलाम में करीब बीस रजिस्ट्रीयों में पूरा दस्तावेज प्रिन्ट नहीं होने की शिकायतें मिली थी। इन सभी शिकायतों को मुख्यालय पर दर्ज कराया गया है। इनमें से करीब दस रजिस्ट्रियां मुख्यालय द्वारा ठीक कर दी गई है और इन्हे रिप्रिन्ट करके सम्बन्धित को सौंपा जा चुका है। फिलहाल अधूरी प्रिन्ट वाली दस रजिस्ट्रियां शेष है। श्री मालवीय के मुताबिक आने वाले दो तीन दिनों में इन्हे भी रिप्रिन्ट कर दिया जाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds