October 8, 2024

Hariyana Victory : ‘कांग्रेस परजीवी पार्टी है, जिसने भरोसा किया उसकी नैया डूब गई’, हरियाणा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले प्रधानमंत्री मोदी; यहाँ देखे प्रधानमंत्री का पूरा भाषण

नई दिल्ली,08 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। हरियाणा में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहा भाजपा कार्यकर्ताओ को इस जीत का श्रेय दिया वही कांग्रेस को जमकर आड़े हाथो लिया। पीएम मोदी ने भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि ‘हमने सुना है, जहां दूध-दही है खाना ऐसा है हरियाणा। साथियों, आज नवरात्रि का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हैं। हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है। गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। गीता की धरती पर विकास की जीत हुई है। गीता की धरती पर सुशासन की जीत हुई है। हर जाति, हर वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया है।’

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए। वोटों की गिनती हुई, नतीजे आए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस और उनके गठबंधन को ज्यादा सीटें दी हैं, उन्हें भी बधाई। वोट प्रतिशत के हिसाब से देखें तो जम्मू-कश्मीर की सभी पार्टियों में से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नमन करता हूं। हरियाणा की ये जीत कार्यकर्ताओं के अथाक परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था। इतने वर्षों में बड़े-बड़े दिग्गजों ने इस राज्य का नेतृत्व किया। शायद हिंदुस्तान में बहुत कम राज्य के नेता ऐसे होते हैं, जिन्हें पूरा हिंदुस्तान जानता है। एक जमाना था जब हरियाणा के दिग्गज नेताओं को पूरा देश जानता था। हरियाणा में 13 चुनाव हुए, जिसमें से 10 चुनावों में सरकार बदली। इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वह अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है, जब दो कार्यकाल पूरे पांच-पांच साल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला हो। ये भाजपा को तीसरी बार मौका मिला है। यहां के लोगों ने हमें सीटें भी ज्यादा दी हैं और वोट शेयर भी ज्यादा दिया है। ऐसा लगता है हरियाणा के लोगों ने झप्पर फाड़ कर वोट दिया है। इस जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है, भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और एमपी की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से वहां अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। अरुणाचल प्रदेश और गोवा में तीसरी बार सरकार बनी, यूपी और बिहार में भाजपा-एनडीए की सरकार को लोग बार-बार मौका दे रहे हैं। असम त्रिपुरा और उत्तराखंड में लगातार दो टर्म से भाजपा की सरकार है। जहां भी भाजपा की सरकार बनती है, वहां की जनता लंबे समय तक भाजपा को समर्थन देती है। दूसरी तरफ कांग्रेस की हालत कैसी है। पिछली बार कांग्रेस की कब वापसी हुई है, करीब 13 साल पहले असम में उनकी सरकार दोबारा लौटी थी, उसके बाद जब भी चुनाव हुआ लोगों ने कांग्रेस को सेकेंड टर्म नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि देश में कितने ही राज्य हैं, जहां कांग्रेस 60 साल पहले थी, कहीं 50 साल पहले थी। इतने समय से वह सत्ता में आई ही नहीं है। एक बार लोगों ने निकाल दिया फिर घुसने ही नहीं दिया। देश के ज्यादातर लोगों ने कांग्रेस के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो काम करें या ना करें लोग उसे वोट देंगे ही, लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में ना रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए सरकार में आने के बाद वह देश को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचकते।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज देश देख रहा है कि कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर घोल रही है। जो लोग सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए, वो गरीब को उसकी जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े, आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस है, जिसने दलितों, पिछड़ों आदिवासियों पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये वो लोग हैं जो 100 साल बाद भी सत्ता मिलने के बाद भी किसी दलित पिछड़े आदिवासी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे। कांग्रेस का परिवार दलितों पिछड़ों आदिवासियों से नफरत करता है, इसलिए आज जब ये समाज शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। हरियाणा में भी इन्होंने दलितों और पिछड़ों को अपमानित किया। इस शाही परिवार ने डंके की चोट पर कहा कि आरक्षण खत्म कर देंगे। वो ये आरक्षण अपने वोट बैंक को देने जा रहे थे।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वह लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कैसे किसानों को भड़काने का प्रयास किए, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं, वो भाजपा के साथ हैं। इन लोगों ने हमारी सेना को लेकर भी अपप्रचार किए, हमारे नौजवानों को भड़काया, इस साजिश को भी हरियाणा के नौजवानों ने नाकाम कर दिया। आज हरियाणा ने कांग्रेस को दो टूक जवाब दे दिया है कि ये देश विरोध राजनीति नहीं चलेगी। देश भक्तों को बांटने की साजिश को हरियाणा ने फेल कर दिया है। बीते कुछ समय से भारत के विरुद्ध भांति-भांति के षड़यंत्र चल रहे हैं। भारत के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने के लिए साजिशें हो रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं। आज मैं बहुत जिम्मेदारी के साथ देशवासियों को कह रहा हूं कि कांग्रेस जैसी पार्टी और उनके चट्टे-बट्टे इस खेल में शामिल हैं। देश भक्त हरियाणा ने आज ऐसा साजिश को भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारत और हर भारतीय को संकल्प लेना है कि हम ऐसी किसी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि आज के चुनाव नतीजों ने एक बार और स्पष्ट किया है कि कांग्रेस पूरी तरह परजीवी पार्टी बन गई है। हरियाणा में कांग्रेस परजीवी बनकर किसी के साथ नहीं थी तो उसे करारी हार मिली। जम्मू-कश्मीर में उसकी सहयोगी पार्टी पहले ही कह रही थी कि कांग्रेस की वजह से उसे नुकसान हो रहा है, आज के नतीजे में भी वही हुआ है। लोकसभा में यही हुआ था। उस समय कांग्रेस ने जितनी सीटें जीती, वह अपने सहयोगियों के भरोसे जीती और जहां सहयोगियों ने भरोसा किया वहां सहयोगियों की ही नैया डूब गई। कांग्रेस ऐसा परजीवी पार्टी है जो अपने सहयोगी पार्टियों को ही निगल जाती है।

पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में हुआ चुनाव ऐतिहासिक रहा है। वहां भारत का संविधान पूरी तरह से लागू होने के बाद ये पहला चुनाव था। आजादी के सात दशक बाद भी अनेक लोगों को वोट डालने का हक नहीं थी, उन्होंने भी पहली बार इस चुनाव में अपना वोट डाला है। कुछ लोग कहते थे कि 370 हटा तो कश्मीर चल जाएगा लेकिन कश्मीर जला नहीं कश्मीर और खूबसूरती से खिला है, खिलखिलाया है। हमारा जम्मू-कश्मीर कर्फ्यू और अलगाववाद के जहर से बाहर निकाल रहा है। हमारी सरकार ने बीडीसी के चुनाव कराए, पहली बार प्रशासन के हर स्तर पर अब जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि काम करेंगे। हमने जम्मू-कश्मीर में संविधान की आत्मा और उसकी मर्यादा की पूनर्स्थापना की है।

आगे उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए चार स्तंभों किसान, युवा, महिलाएं और गरीब का विकास जरूरी है। हम विकास के इन्हीं स्तंभो के बलबूते पर देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। हरियाणा तो कृषि के मामले में देश के अग्रणि राज्यों में शामिल है। इस ताकत को भाजपा और मजबूती देने वाली है। हरियाणा खाने के तेल में आत्मनिर्भरता के मिशन को शक्ति देने वाला है। हरियाणा के युवाओं ने दुनियाभर में अपना लोहा मनवाया है। हरियाणा के छोरा-छोरी खूब धूम मचा रहे हैं। भाजपा सरकार सभी क्षेत्रों में और अधिक निवेश को बढ़ावा देने वाली है। सरकार खेलों को दुनिया की महाशक्ति बनाने जा रही है। महिलाओं की बात आती है तो हमारी माताओं-बहनों-बेटियों से जुड़े हर पहलू पर भाजपा फोकस कर रही है। हरियाणा ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को नेतृत्व दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार देश को सर्वोपरि रखती है। केंद्र हो या हरियाणा इन दस सालों में भाजपा की सरकार पर भ्रष्टाचार का एक दाग नहीं लगा है। हमने सिर्फ समर्पण भाव से जनता के विकास के लिए काम किया है। इसके लिए मैं हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर की प्रशंसा करता हूं। हरियाणा ने भाजपा सरकार को प्रोत्साहित किया है। ये आशीर्वाद हमें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके लिए फिर एक बार हृदय से साधुवाद करता हूं। इससे भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का संकल्प और अधिक मजबूत हुआ है। ये जनादेश भारत और अधिक सशक्त बनाने के लिए नया हौसला देगा। मैं भरोसा देता हूं कि आने वाले पांच साल और तेज विकास के होंगे। हरियाणा विकसित होगा, जम्मू-कश्मीर विकसित होगा, भारत विकसित होगा और ये हम करके दिखाएंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds