भाजपा जो कहती है, वो करती है और कांग्रेस अड़ंगे लगाती है:- भाजपा जिलाध्यक्ष श्री उपाध्याय

रतलाम,13 मार्च (इ खबर टुडे)। भारतीय जनता पार्टी की सरकार मध्यप्रदेश मे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व मे लगातार विकास कार्य कर रही है। भाजपा ने अब तक जो कहा, वह किया है।
सरकार हर वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जबकि कांग्रेस ने परिवार को छोड़कर कभी किसी का भला नहीं किया है, वह हमेशा जनहित के कामो में अड़ंगे ही लगाती आई है।
यह बात भाजपा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने मीडिया को जारी बयान मे कही। कांग्रेस नेता डीपी धाकड़ द्वारा वर्ष 56-57 के रिकॉर्ड को लेकर नामांतरण मे आ रही बाधा के संबंध में लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए श्री उपाध्याय ने कहा कि सरकार भूमि व्यवसाय से जुड़े इस मसले का समाधान जल्द करेगी।
इस दिशा मे लगातार प्रयास हो रहे है। कांग्रेस नेता द्वारा झूठे और मनगड़ंत आरोप लगाकर भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है, जो कभी सफल नहीं होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि प्रॉपर्टी व्यवसायियों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन मे उपस्थित होकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली है। उनका मांग पत्र सरकार को भेजकर जल्द ही उनका निराकरण किया जायेगा।