April 29, 2024

New Chief Minister : महाराष्ट्र में बड़ा उलटफेर,फडणवीस नहीं एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री, राज्यपाल से मिलने के बाद फडणवीस ने किया एलान

मुंबई ,30 जून (इ खबर टुडे)। महाराष्ट्र की राजनीती में बड़ा उलटफेर सामने आया है। अभी तक यह माना जा रहा था कि शिवसेना में बगावत के बाद देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनेंगे,लेकिन राज्यपाल से मिलने के बाद फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दी। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे। शपथ समारोह आज ही शाम 7.30 बजे होगा।

मैं सरकार से बाहर रहूंगा: फडणवीस

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एक तरफ शिवसेना ने दाऊद इब्राहिम का विरोध किया और दूसरी तरफ उन्होंने एक ऐसे शख्स को कैबिनेट में रखा जो दाऊद की मदद करने के आरोप में जेल गया था। वे सावरकर का अपमान करने वाले के साथ गठबंधन में थे। 2019 में बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन हुआ था और हमें विधानसभा चुनावों में आवश्यक संख्या मिली थी। हमें सरकार बनाने की उम्मीद थी, लेकिन शिवसेना ने उन लोगों के साथ गठबंधन करना चुना जिनके खिलाफ बालासाहेब ने जीवन भर विरोध किया।

उन्होंने कहा कि शिवसेना ने उन लोगों के साथ गठबंधन किया, जो हिंदुत्व और सावरकर के खिलाफ हैं। शिवसेना ने जनादेश का अपमान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मदद से एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र की सरकार चलाएंगे। फडणवीस ने कहा कि वे मंत्री मंडल में शामिल नहीं होंगे,वे बाहर रहकर शिंदे का सहयोग करेंगे।

शिंदे बोले- विधायकों के भरोसे को नहीं तोडूंगा

महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना के 40 विधायकों सहित कुल 50 विधायक हमारे साथ हैं। हमने उनकी मदद से अब तक यह लड़ाई लड़ी है। इन 50 लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उसे एक खरोंच भी नहीं आने दूंगा, भरोसे को नहीं तोड़ूंगा।

शिंदे बोले, फडणवीस करते रहेंगे मार्गदर्शन

महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- भाजपा के पास 120 विधायक हैं लेकिन उसके बावजूद देवेंद्र फडणवीस ने सीएम का पद नहीं संभाला। मैं पीएम मोदी, अमित शाह और अन्य भाजपा नेताओं के साथ उनका आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने उदारता दिखाई और बालासाहेब के सैनिक (पार्टी कार्यकर्ता) को राज्य का सीएम बनाया। फडणवीस भले ही सरकार से बाहर रहेंगे लेकिन हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds