October 9, 2024

शहर के सर्राफा व्यवसाईयो का चार किलो सोना लेकर फरार हुआ सर्राफा व्यवसाई,पुलिस पंहुची मौके पर (देखिये लाइव विडियो)

रतलाम,7 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। शहर के चान्दनी चौक इलाके में एक सर्राफा व्यवसायी द्वारा बाजार के अन्य सर्राफा व्यवसाईयों का करीब चार किलो सोना लेकर फरार होने की खबर सामने आ रही है। व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पंहुच गई है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक चान्दनी चौक से बोहरा बाखल के रास्ते में भाविका ज्वेलर्स नामक दुकान के संचालक जीवन पिता राधेश्याम सोनी ने शहर के सर्राफा व्यवसाईयों से करीब चार किलो सोने के गहने बेचने के लिए लेकर रखे थे। जीवन सोनी मंगलवार दोपहर से लापता है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक जीवन सोनी को दोपहर दो ढाई बजे तक शहर में देखा गया है,लेकिन इसके बाद में वह गायब हो गया। दुकान के मुनीम को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

शाम को करीब साढे छ: बजे शहर के किसी सर्राफा व्यवसायी ने जब जीवन सोनी से सम्पर्क करने की कोशिश की,तो जीवन सोनी उसे नहीं मिला। उसका मोबाईल भी लगातार बन्द आ रहा था। इसके बाद व्यवसाइयों ने उसकी तलाश प्रारंभ की। लेकिन जीवन सोनी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद व्यापारियों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी अभिनव वारंगे भी मौके पर पंहुचे। माणकचौक टीआई समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पंहुचे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला कि लापता व्यापारी जीवन सोनी अपना एक्टिवा स्कूटर चौपाल सागर पर खडी करके गायब हुआ है। जीवन सोनी का स्कूटर बरामद कर लिया गया है। जीवन सोनी अपना मोबाईल घर में ही छोड कर गया है। उसके घर पर भी ताला लगा हुआ पाया गया है। सीएसपी अभिनव वारंगे समेत अनेक पुलिस अधिकारी मौके पर है और मामले की जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक मामले में एफआईआर नहीं हुई है।

You may have missed