September 20, 2024

रतलाम जिले की ढाई लाख से अधिक लाडली बहने 30 करोड़ 96 लाख रुपए की राशि से लाभान्वित

रतलाम10 अगस्त(इ खबर टुडे)।प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा शनिवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की लाडली बहनों के बैंक खातों में योजना अंतर्गत मासिक सहायता राशि तथा रक्षाबंधन के उपलक्ष में विशेष राशि अंतरित की गई। योजना की मासिक राशि 1250 रुपए तथा त्योहार के उपलक्ष में विशेष राशि 250 रुपए, इस प्रकार प्रत्येक बहन के बैंक खाते में कुल 1500 रुपए अंतरित किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितग्राहियों तथा उज्जवला, गैर उज्जवला हितग्राहियों के खाते में भी राशि अन्तरित की।

इस अवसर पर मुख्य मंत्री डॉ यादव द्वारा रतलाम जिले की 2 लाख 53 हजार लाडली बहनों के बैंक खातों में कुल 30 करोड़ 96 लाख 83 हजार रुपए अंतरित किए गए। इसके अलावा जिले के सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के एक लाख 7 हजार 385 हितग्राहियों तथा जिले के उज्ज्वला योजना की 40023 हितग्राही एवं गैर उज्ज्वला योजना की 6467 हितग्राहियों के बैंक खातों में भी मुख्यमंत्री द्वारा राशि अंतरित की गई।

रतलाम जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम स्थानीय बरबड़ विधायक सभागृह में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम से उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा सुना गया।

कार्यक्रम में प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर राजेश बाथम, निर्मल कटारिया, श्रीमती अनीता कटारिया, पार्षद श्रीमती निशा सोमानी, महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट बड़ी संख्या में हितग्राही गण अधिकारी कर्मचारी नागरिक आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंत्री चैतन्य काश्यप, प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर श्री बाथम सहित जनप्रतिनिधियों को बहनों द्वारा रक्षा सूत्र बांधे गए। बहनों द्वारा मंत्री श्री काश्यप को 8 फीट लम्बी राखी भेंट की गई। रक्षा सूत्र बाधने वाली बहनों को उपहार दिए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन बहनों के हित में कृत संकल्पित है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की मासिक राशि के अलावा भी मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रक्षाबंधन के त्यौहार के उपलक्ष में 250 रुपए की विशेष सौगात प्रत्येक बहन को दी है। इससे बहनों के त्यौहार की खुशी और बढ़ गई है। लाडली बहनो के खातों में राशि अंतरण से बहनों के सम्मान में वृद्धि भी हुई हैं। यह आवश्यक है कि परिवार के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो, बहने आत्मनिर्भर बने।

श्री काश्यप ने कहा कि पूरे सावन माह में बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जा रहा है। बहनों का आशीर्वाद साथ में है बहने अपने मोहन भैया को रक्षा सूत्र बांध रही है। मध्य प्रदेश सरकार त्यौहार के साथ संस्कारों को जीवंत रखे हुए हैं। नागरिकों के प्रति अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन सरकार द्वारा किया जा रहा है। श्री कश्यप ने आगामी 13 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने वाले महिला उद्यमी सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि उद्यमी बनने की इच्छुक महिलाओं के साथ मध्य प्रदेश सरकार खड़ी है।

प्रदीप उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्य प्रदेश शासन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से कार्य कर रहा है। रक्षाबंधन के त्यौहार के उपलक्ष में मुख्यमंत्री द्वारा नियमित मासिक राशि के अलावा बहनों के बैंक खातों में 250 रुपए की विशेष राशि अंतरित की गई है। प्रदेश शासन महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा हैं।

कलेक्टर राजेश बाथम ने अपने संबोधन में मध्य प्रदेश शासन की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उनका लाभ लेने की अपील की प्रारंभ में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास रजनीश सिन्हा ने स्वागत उद्बोधन दिया। लाडली बहनों किरण चौहान तथा नंदिता कटारिया ने शासन की योजना से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी मंच से दी। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया। कार्यक्रम में बालिका नंदिता देवड़ा ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अन्त में मंत्री श्री काश्यप द्वारा उपस्थित व्यक्तियों को बालिका रक्षा संकल्प तथा नशा मुक्ती संकल्प दिलाया गया। मंत्री श्री काश्यप तथा प्रदीप उपाध्याय आदि ने वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में कन्या पूजन भी किया गया। शासन के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंत्री श्री काश्यप सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी आदि ने हस्ताक्षर किए। स्व सहायता सम्मेलन भी आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास उज्जैन राजीव निगम, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा सहायक संचालक सुश्री अंकिता पंड्या निगम उपायुक्त दंडोतिया सहायक संचालक उद्यानिकी त्रिलोकचंद वास्कले, जन अभियान परिषद के रतनेश विजयवर्गीय, मनोहर पोरवाल, बलवंत भाटी, सर्वश्री कृष्णकुमार सोनी, मयूर पुरोहित, विनोद यादव, महापौर परिषद सदस्य सर्वश्री अक्षय संघवी, मनोहरलाल राजू सोनी, श्रीमती सपना त्रिपाठी, पार्षद सर्वश्री परमानन्द योगी, श्रीमती देवश्री पुरोहित, श्रीमती संगीता सोनी, श्रीमती प्रीति कसेरा, पूर्व पार्षद श्रीमती ललीता पवांर, जयेश वसावा, गौरव त्रिपाठी, राजेन्द्र चौहान, संजय कसेरा, विजयसिंह चौहान, विवेक शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे।

You may have missed