September 20, 2024

Crime News : शराबी पति ने किया अपनी पत्नी पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, आरोपी फरार

दमोह,04 अगस्त(इ खबर टुडे)। दमोह जिले कोतवाली थाना क्षेत्र के पलंदी चौराहा पर शनिवार रात एक महिला पर उसके ही पति ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति से अलग रह रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला के देवर को सूचना दी, जिसके बाद महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नीतू बंशकार (26) किशन तलैया की रहने वाली है और पति अरुण बंशकार की शराब की लत से परेशान होकर पालंदी चौराहा पर बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है। शनिवार रात को महिला अपने बच्चों के साथ अपने घर पर थी, इस दौरान उसका पति अरुण शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई, इसके बाद आरोपी पति फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला के देवर मंगल वंशकार को सूचना दी। इसके बाद उसने अपनी भाभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

मंगल ने बताया कि उसका भाई शराब के नशे में आए दिन भाभी से मारपीट करता था। पुलिस में कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन उसने मारपीट बंद नहीं की, आखिर में परेशान होकर भाभी अलग रहने लगी। रात में भाई ने शराब के नशे में चाकू से भाभी पर हमला कर दिया और फिर भाग गया। उनके सिर और गर्दन पर चाकू से सबसे ज्यादा घाव हैं।

कोतवाली टीआई आनंद सिंह ठाकुर ने बतया कि जिला अस्पताल पहुंचकर घायल महिला के बारे में जानकारी ली है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed