April 24, 2024

भाजपा ने शुरू की शपथ ग्रहण की तैयारी, 25 को अटल के जन्मदिन पर नई सरकार का गठन

अहमदाबाद,17 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। गुजरात चुनाव को लेकर एक्जिट पोल में जीत की संभावनाओं के मद्देनजर भाजपा ने शपथ ग्रहण की तैयारियां भी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और प्रदेश भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में पार्टी ने शनिवार को बैठक कर चुनाव परिणामों की समीक्षा की।

भाजपा को इस चुनाव में 120 या इससे अधिक सीट मिलती है, तो स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह होगा। संभवत: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को यह समारोह होगा। विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर भाजपा काफी हद तक आश्वस्त है।

विभिन्न चैनलों के एक्जिट पोल में पार्टी को 107 से 135 सीट तक की संभावनाएं जताई गई हैं। इससे भाजपा की उम्मीदों को बल मिला है। हालांकि, कांग्रेस भी 120 सीट जीतने के दावे के साथ गांधीनगर तक पहुंचने की बात कर रही है। लेकिन, यह उनका आंतरिक आंकलन है।

पेशेवर विश्लेषक कांग्रेस को जीत के करीब नहीं मान रहे हैं। कोई अप्रत्याशित परिणाम आ जाए, जिसमें कांग्रेस बहुमत हासिल कर ले, तो बात अलग है। भाजपा 120 या इससे अधिक सीट जीतकर सत्ता में लौटती है, तो अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।

यदि भाजपा को 110 या इससे कम सीट आती है, तो गांधीनगर सचिवालय अथवा महात्मा मंदिर में ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम किया जा सकता है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। भाजपा यदि इस चुनाव में जीत हासिल करती है, तो मोदी और शाह ही इस जीत के हीरो होंगे।

भाजपा के 22 साल के शासन के बाद सत्ता विरोधी सुर भी उठने लगे थे। पाटीदार, दलित व ओबीसी आंदोलनों ने सरकार और संगठन को पूरी तरह झकझोर दिया था। पाटीदार आंदोलन के चलते ही मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को पद छोड़ना पड़ा था। भाजपा को जीत मिलने पर रूपाणी ही मुख्यमंत्री और नितिन पटेल उपमुख्यमंत्री होंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds