March 28, 2024

मीरा-भायंदर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा का दबदबा, 61 सीटें जीतीं

मुंबई,21 अगस्त(इ खबरटुडे)। भायंदर महानगरपालिका के चुनाव में भाजपा ने लगभग दो तिहाई बहुमत जीतकर अपना डंका बजा दिया है। शिवसेना उससे काफी पीछे रह गई है।

95 सीटों वाली मीरा-भायंदरद महानगरपालिका के लिए रविवार को चुनाव हुए थे। चुनाव से पहले शिवसेना और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा था। लेकिन आज परिणाम घोषित होने पर 61 सीटें भाजपा के खाते में और 22 सीटें शिवसेना के खाते में गई हैं। कांग्रेस को 10 एवं निर्दलियों को दो सीटें मिली हैं।

इस चुनाव से पहले तक सत्ता में रही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शून्य पर आ गई हैं। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का भी खाता नहीं खुल सका। 2012 के चुनाव में भी भाजपा 31 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। तब वह 14 सीटों वाली शिवसेना के साथ मिलकर सत्ता में आ सकती थी। लेकिन 26 सीटें पाई राकांपा ने 19 सीटों वाली कांग्रेस के साथ मिलकर अपना महापौर बना लिया था।

इस बार कांग्रेस और राकांपा पहले से ही कमजोर मानी जा रही थीं। मुख्य मुकाबला भाजपा और शिवसेना में ही था। लेकिन शिवसेना अपनी पिछली स्थिति से थोड़ा ही आगे निकल पाई। जबकि भाजपा पहले से लगभग दोगुनी सीटें पाने में कामयाब रही।

राज्य की राजनीति में इसे शिवसेना की एक और बड़ी शिकस्त माना जा रहा है। संभव है कि इसके साथ ही राज्य की सत्ता में साथ-साथ होने के बावजूद शिवसेना-भाजपा में खींचतान और बढ़ेगी। इससे पहले मुंबई महानगरपालिका सहित राज्य के कई और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा अपने अच्छे प्रदर्शन से शिवसेना को पीछे छोड़ने में कामयाब रही है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds