April 26, 2024

जावरा के व्यापारी पारस दसेडा लापता

खाद्यमंत्री के रिश्तेदार है दसेडा,अपहरण की आशंका
रतलाम,31 अगस्त(इ खबरटुडे)। जिले के जावरा कस्बे के  व्यापारी पारस दसेडा बीती रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। प्रदेश के खाद्यमंत्री पारस जैन के साडू और जावरा नपा उपाध्यक्ष के निकट सम्बन्धी श्री दसेडा के लापता होने से जावरा में सनसनी फैल गई है। नजदीकी सूत्र अपहरण की आशंका से भी इंकार नहीं कर रहे है। श्री दसेडा के लापता होने की जानकारी मिलते ही मंत्री श्री जैन भी जावरा पंहुच गए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इ खबरटुडे को मिली जानकारी के मुताबिक कापर वायर व बर्तन आदि के व्यवसाय से जुडे  पारस दसेडा बीती शाम करीब चार बजे भीमाखेडी रोड स्थित अपने फार्म हाउस पर गए थे। शाम आठ साढे आठ बजे तक उनका मोबाइल फोन चालू था। आखरी काल उन्होने करीब साढे आठ बजे अपने घर पर की थी और कहा था कि वे घर के लिए निकल रहे है। लेकिन इसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। काफी देर तक जब दसेडा घर नहीं लौटे तो घर के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरु की। श्री दसेडा अपनी हीरो होण्डा मोटर साइकिल से फार्म हाउस पर गए थे। उनकी मोटर साईकिल दलौदा के पास बरामद हुई है।
रात से शनिवार दोपहर तक श्री दसेडा की कोई जानकारी नहीं मिली है। रहस्यमय परिस्थितियों में बरामद मोटर साइकिल के कारण उनके अपहरण की आशंका भी जताई जा रही है। श्री दसेडा प्रदेश के खाद्य मंत्री पारस जैन के साडू है और साथ ही जावरा नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल दसेडा के भी नजदीकी रिश्तेदार है।
श्री दसेडा के गायब होने की जानकारी मिलने पर खाद्य मंत्री पारस जैन भी जावरा पंहुच गए हैं। मंत्री श्री जैन के जावरा पंहुचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस पंहुचकर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर आक्रोश जताया और नारेबाजी की।
जावरा पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज कर खोजबीन प्रारंभ कर दी है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जावरा पंहुच गए है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds