May 2, 2024

अपने अधिकारों के संरक्षण के लिए उपभोक्ता आगे आएं -सिंघई

विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
रतलाम 15मार्च (इ खबर टुडे)। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष ऋषभ कुमार सिंघई ने कहा है कि उपभोक्ता फोरम उपभोक्ताओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथापि इसके लिए जरूरी है कि उपभोक्ता स्वयं अपने हितों की रक्षा के प्रति जागरूक बनें और आगे आएं। श्री सिंघई आज यहां विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्गार व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मानक स्तर से निम्न स्तर की सामग्री के विक्रय के मामलों में उपभोक्ता जिला फोरम में अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैंै।श्री सिंघई ने शिकायतों पर फोरम व्दारा की जाने वाली कार्यवाही की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि क्रय की गई कोई भी वस्तु तथा बिजली,पानी तथा अन्य सेवाएं उपभोक्ता फोरम के दायरे में आती हंै।फोरम अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि फोरम में आम नागरिकों की सुनवाई की जाती है किन्तु प्रारंभिक स्तर पर उपभोक्ता को ही पहल करनी होगी।श्री सिंघई ने कहा कि किसी दवा का असर नहीं होने और इसके नकली होने की शंका को लेकर भी उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष ने उपभोक्ताओं के खुद अपने ही अधिकारों के प्रति उदासीन हो जाने को विडम्बना बताया।उन्होंने कहा कि फोरम में मामूली शुल्क देय होता है और ज्यादातर मामलों में संबंधित फर्म या कंपनी को नोटिस देने से ही समस्या हल हो जाती है।श्री सिंघई ने इस बात पर जोर दिया कि कोई भी वस्तु क्रय करते समय उपभोक्ता को खरीदी गई सामग्री सबूत के तौर पर रखनी चाहिए और बिल भी आवश्यक रूप से लिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि उपभोक्ता फोरम में नाम मात्र का ही खर्च होता है सामान्यत:छह माह के अन्दर मामलों का निराकरण हो जाता है।फोरम अध्यक्ष ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और इनका अतिक्रमण होने पर उपभोक्ता फोरम में जरूर शिकायत करें।उन्होंने आश्वस्त किया कि फोरम उनके अधिकारों की रक्षा करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर राजीव दुबे ने कहा कि निम्न गुणवत्ता की वस्तु दिए जाने और सेवाओं में कमी के मामलों में उपभोक्ताओं को नि:संकोच अपने हितों के संरक्षण के लिए कदम उठाना चाहिए। उपभोक्ता बाजार की सबसे अहम् कड़ी है। इसके बावजूद सामान्यत: उपभोक्ताओं में फोरम में शिकायत के प्रति अनिच्छा दिखाई देती है। यह जरूरी है कि उपभोक्ता किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या ठगी के खिलाफ सामने आएं और उपरोक्ता मामलों की शिकायत करें।विक्रेता व्दारा गड़बड़ी की जाने पर उपभोक्ता जिला प्रशासन से भी शिकायत कर सकते हैंै। ऐसी शिकायतों पर अविलम्ब कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने उपभोक्ताओं का आव्हान किया कि वे अपने अधिकारों की सुरक्षा के लिए उठ खड़े हों ताकि व्यापक रूप से समाज में एक संदेश जाए।उन्होंने आशा व्यक्त की कि उपभोक्ता अपने हितों की रक्षा के लिए जिला उपभोक्ता फोरम में मामले ले जाने में संकोच नहीं करेंगे।
इस मौके पर उपभोक्ता फोरम की सदस्य श्रीमती सबा खान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि उन कारणों की पड़ताल जरूरी है जिनके चलते उपभोक्ताओं को छला जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उपभोक्ताओं को ठगे जाने को खेदजनक निरूपित किया। श्रीमती खान ने कहा कि खरीदा गया टेलीविजन या मोबाईल तो बदला जा सकता है किन्तु स्वास्थ्य सेवाओं में कमी से होने वाला नुकसान अपूरणीय क्षति कर सकता है।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उपभोक्ता डिस्चार्ज कार्ड,जांचोंे की रिपोर्ट और अदा की गई राशि का बिल जरूरी तौर पर अपने पास रखें ताकि आवश्यक होने पर वे फोरम के समक्ष अपनी शिकायत सबूतों सहित पेश कर सकें।उन्होंने कहा कि उपभोक्ता फोरम एक संक्षिप्त,स्पष्ट और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाता है।इसके बावजूद उपभोक्ताओं का फोरम के पास न पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्रीमती खान ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उपभोक्ता अपने अधिकारों के प्रति स्वयं जागरूक नहीं होंगे तब तक बाजारवाद के इस दौर में वे छले जाएंगे। इस अवसर पर  राधावल्लभ खण्डेलवाल ने उपभोक्ता मामलों से संबंधित अपने सुदीर्घ अनुभव के आधार पर उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य अतिथि उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष  ऋषभ कुमार सिंघई एवं कलेक्टर  राजीव दुबे ने विभिन्न विभागों एवं कंपनियों व्दारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन किया।इनमें भारत संचार निगम लिमिटेड,जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन,भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन तथा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के स्टाल सम्मिलित थे।इस अवसर पर प्रभारी आपूर्ति अधिकारी डिप्टी कलेक्टर सुश्री निशा डामोर एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी बी.एस. तलवाड़ ने अतिथियों का पुष्प गुच्छों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक डांगी ने किया तथा श्री तलवाड़ ने अतिथियों का आभार माना।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds