April 26, 2024

संभागायुक्त श्री पाण्डेय ने ओला प्रभावित फसलों का अवलोकन किया

रतलाम 24 फरवरी (इ खबरटुडे)।  उज्जैन संभागायुक्त अरूण पाण्डेय ने शनिवार को रतलाम जिले के ग्राम सुजलाना,सेजावता,तालीदाना,कालूखेड़ा एवं रिंछाचांदा क्षेत्र में ओले से प्रभावित किसानों की फसलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित किसानों को अधिक से अधिक मदद मिले। जिन किसानों की फसलों का 60 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है उन्हें शत-प्रतिशत मुआवजा दिलवाए। साथ ही किसानों को फसल बीमा राशि का भी भुगतान कराएं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे में ऐसा कोई भी किसान छुटना नहीं चाहिए जिसकी फसलों को नुकसान हुआ है। जिन किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है उन किसानों की सूची भी ग्राम पंचायत में चस्पा करें।

ग्राम सिमलावदा में रतलाम ग्रामीण क्षेत्र की विधायक श्रीमती लक्ष्मीदेवी खराड़ी ने संभागायुक्त श्री पाण्डेय को क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान से अवगत कराया। ग्राम कालूखेड़ा में पूर्व मंत्री एवं विधायक महेन्द्रसिंह कालूखेड़ा ने संभागायुक्त से क्षेत्र में हुए नुकसान का समग्र सर्वे कराने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने अफीम उत्पादक किसानों को हुए नुकसान के संबंध में शासन का ध्यान आकृष्ट करने का अनुरोध किया। संभागायुक्त श्री पाण्डेय ने विधायकगण को बताया कि जिले में ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का शत-प्रतिशत सर्वे कराया जाएगा तथा जिन किसानों को नुकसान हुआ है उन्हें मुआवजा भी दिया जाएगा। इस मौके पर ग्रामीण्ाजनों ने अपनी फसलों को हुए नुकसान से संभागायुक्त को अवगत कराया। ग्राम सुजापुर के ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में पटवारी नहीं होने के कारण सर्वे का काम लम्बित है। इसे देखते हुए संभागायुक्त ने कलेक्टर राजीव दुबे को निर्देशित किया कि तत्काल टीम भेजकर ग्राम में फसलों का सर्वे कराएं।

इस अवसर पर उज्जैन संभाग के संयुक्त संचालक आर.के.त्रिपाठी,उप संचालक कृषि सी.के.जैन व उप संचालक (आत्मा) आर.एस.गुप्ता उपायुक्त पी.आर. कावड़कर के साथ ही संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds