April 26, 2024

प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं – डा.यादव

रतलाम में पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र का भूमि पूजन

रतलाम 13 सितम्बर (इ खबरटुडे)। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश तीसरा राज्य है जहां पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिला है। यह बात मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डा.मोहन यादव ने आज रतलाम में पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र के भूमिपूजन के अवसर पर आयोजित समारोह में कही। इस मौके पर विधायक रतलाम शहर पारस सकलेचा,रतलाम ग्रामीण श्रीमती लक्ष्मीदेवी खराड़ी,महापौर शैलेन्द्र डागा,पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी व धूलजी चौधरी,आरडीए अध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी, नगर निगम अध्यक्ष दिनेश पोरवाल,जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारका पालीवाल एवं आरडीए उपाध्यक्ष ईश्वर लाल पाटीदार भी उपस्थित थे।

पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डा.यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यटन के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार प्रदान करने के लिए विद्यालयों में प्रशिक्षण पाठयक्रम भी आरंभ किए जाएंगे। इसके लिए अनुदान भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए पर्यटन बसें संचालित करने की योजना है। साथ ही गंभीर मरीजों को तत्काल बड़े चिकित्सालयों में पहुंचाने के लिए एयर एम्बुलेंस चलाने की भी योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि भारत के निकटवर्ती देशों तक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि रतलाम में पर्यटक मार्ग सुविधा केन्द्र बनने से यहां के पर्यटन स्थलों को देखने के लिए पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। यह सुविधा केन्द्र लगभग आठ माह में बनकर तैयार हो जाएगा।

विधायक पारस सकलेचा ने कहा कि आज हम सभी एक ऐसे प्रकल्प के साक्षी बने हैं जो रतलाम में पर्यटन के विकास को नया आयाम देगा। पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र तैयार होने पर पर्यटन के मानचित्र पर रतलाम जिले का नाम प्रमुखता से उभरेगा। उन्होंने कहा कि रतलाम में पर्यटन की संभावनाओं को तलाशने के लिए पर्यटन विभाग सर्वे कराए। उन्होंने कहा कि धोलावड़ एवं उसके आसपास के क्षेत्र को पर्यटन के लिए विकसित किया जा सकता है। इस अवसर पर रतलाम ग्रामीण क्षेत्र विधायक श्रीमती लक्ष्मीदेवी खराड़ी ने कहा कि पर्यटक मार्ग -सुविधा केन्द्र से क्षेत्र में पर्यटन को नई उंचाईयां प्राप्त होगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सतत् प्रयासों से रतलाम जिला प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में पर्यटन के क्षेत्र में नाम कमाएगा।

इस मौके पर पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि रतलाम जिले में पर्यटन के विकास की अनन्त संभावनाएं है। जिले को प्रकृति से अनेक उपहार मिले हैं। श्री कोठारी ने कहा कि पर्यटन अपने आप में बहुत बड़ा उद्योग है। पर्यटन के विकास से जिला न केवल पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा बल्कि इससे रोजगार के साधनों में भी बढ़ोतरी होगी। श्री कोठारी ने डा.यादव से जिले के पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए वाहन की व्यवस्था करने की अपेक्षा की।पूर्व मंत्री श्री धूलजी चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र के निर्माण से पर्यटकों को तमाम सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। महापौर शैलेन्द्र डागा ने कहा कि रतलाम में पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र बनने से रतलाम को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने रतलाम को पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र की सौगात देने के लिए पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष को धन्यवाद दिया। इस मौके पर रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी ने पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र निर्माण की दिशा में पर्यटन विकास निगम की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था रतलाम आने वाले पर्यटकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। आरडीए उपाध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार ने कहा कि ग्राम सालाखेड़ी में पर्यटन मार्ग-सुविधा केन्द्र बनने से आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी और जल्द ही यह केन्द्र पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनेगा। उन्होंने पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डा.यादव से अपेक्षा की कि वे प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। निगम अध्यक्ष दिनेश पोरवाल ने कहा कि रतलाम की भौगोलिक स्थिति के मद्देनजर यह पड़ोसी जिलों में जाने के लिए एक विशिष्ट केन्द्र के रूप में है। उन्होंने नई सौगात को आगामी सिंहस्थ मेले की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा.यादव और अन्य अतिथियों ने मंत्रोच्चार के बीच पर्यटक मार्ग-सुविधा केन्द्र का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षदगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।पर्यटन विकास निगम की ओर से श्री रघुवंशी ने अतिथियों का आभार माना।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds