April 27, 2024

कांग्रेस की रोजा इफ्तार पार्टी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बहिष्कार की घोषणा

11 अगस्त को होने वाले रोजा इफ्तार को लेकर अल्पसंख्यकों ने जताई नाराजगी
रतलाम,09अगस्त(इ खबरटुडे)। अल्पसंख्यकों को रिझाने के लिए शहर कांग्रेस द्वारा ११ अगस्त को आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी विवादों में घिरती नजर आ रही है। शहर कांग्रेस की इस रोजा इफ्तार पार्टी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के मौजूद रहने की घोषणा की गई है,वहीं कुछ मुस्लिम संगठनों ने इस पार्टी के बहिष्कार की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मुस्लिमों के विरोध के चलते श्री भूरिया रोजा इफ्तार पार्टी में नहीं आ पाए थे।

शहर कांग्रेस कमेटी ने ११ अगस्त को स्थानीय अजंता पैलेस होटल में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया है। इस रोजा इफ्तार पार्टी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के उपस्थित रहने की भी जानकारी शहर कांग्रेस द्वारा दी गई है।
अल्पसंख्यकों को रिझाने के लिए कांग्रेस द्वारा आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के आगमन की खबर ने स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों को फिर से आक्रोशित कर दिया है। अल्पसंख्यक समुदाय में कांग्रेस की रोजा इफ्तार पार्टी के बहिष्कार की चर्चाएं तेज हो गई है। अल्पसंख्यकों की एक संस्था अल मुस्लिमीन एण्ड मुस्लिमात वेलफेअर द्वारा कांग्रेस की रोजा इफ्तार पार्टी के बहिष्कार के सम्बन्ध में अधिकृत बयान जारी किया गया है।
संस्था के सचिव नईमुद्दीन के हस्ताक्षरों से जारी इस बयान में कहा गया है कि कांग्रेस की रोजा इफ्तार पार्टी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के आगमन की खबर से मुस्लिम समाज में आक्रोश एवं नाराजगी व्याप्त है। संस्था के अध्यक्ष आमिल सिद्दीकी के हवाले से बयान में कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया विगत तीन सालों से मुस्लिम समाज के किसी भी आयोजन में ना तो शरीक हुए है और ना ही उन्होने मोचीपुरा में हुई घटना में पीडीत मुस्लिम समाज के व्यक्तियों का हालचाल पूछा है।
बयान में कहा गया है कि उस घटना के समय मुस्लिम समाज ने ईद नहीं मनाई थी और कई बेगुनाह लोग छह-छह माह तक जेलों में बन्द रहे थे। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इन लोगों की कोई चिंता नहीं की थी।
कांग्रेस के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए बयान में कहा गया है कि शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के सम्मिलित होने के कारण मुस्लिम समुदाय के लोग आयोजन में अनुपस्थित रहकर अपनी नाराजगी का इजहार करेंगे और इस रोजा इफ्तार पार्टी का बहिष्कार करेंगे। संगठन के अब्दुल भाई,इकबाल मोहम्मद,वजीर खान,जमील मंसूरी,सैयद जाकिर,रहमान अली इत्यादि नेताओं ने समस्त मुस्लिम बिरादरों से रोजा इफ्तार पार्टी के बहिष्कार की अपील की है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds