Election Result : दिल्ली के रुझानों में भाजपा को बहुमत, केजरीवाल, CM आतिशी सहित AAP के कई मंत्री पिछड़े
![KKK](https://ekhabartoday.com/wp-content/uploads/2025/02/KKK.jpg)
नई दिल्ली,08 फरवरी(इ खबर टुडे)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में शुरुआती तीन घंटों की वोटों की गिनती हो चुकी है। अभी तक सामने आए रुझान में बीजेपी को बंपर बहुमत मिला है। दिल्ली का पहला रुझान भाजपा के पक्ष में गया था। थोड़ी देर बाद ही आप ने भी खाता खोला। वोटों की गिनती के शुरुआती आधे घंटे में भाजपा और आम आदमी पार्टी में कांटे की टक्कर चल रही थी। दोपहर तक की गिनती से आए रुझान की बात करें तो भाजपा 42 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं आप 28 सीटों पर आगे चल रही है।
नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल काफी देर तक पीछे चल रहे थे। लेकिन काउंटिंग के दूसरे घंटे में उन्होंने बढ़त बनाई। वहीं अभी थोड़ी देर पहले मिले अपडेट में केजरीवाल फिर से पिछड़ गए हैं। नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल और परवेश वर्मा में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। जंगपुरा में मनीष सिसोदिया ने भी अब बढ़त बना ली है। हालांकि कालकाजी में सीएम आतिशी अब भी पीछे चल रही हैं।
रुझानों के अनुसार भाजपा देश की राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में आती नजर आ रही है। दिल्ली में कुल विधानसभा सीटें 70 हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 36 है। ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को आप पर बढ़त दिखाई गई है। जो अब सही साबित होती नजर आ रही है।
दिल्ली के नतीजों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शाम 7.30 बजे पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय जाएंगे। जहां वो कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। मालूम हो कि रुझानों में 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा बहुमत के पार पहुंची है।