mainदेश-विदेशब्रेकिंग न्यूज़

चक्का जाम: दिल्ली-एनसीआर में 50 हजार सुरक्षाबल तैनात, अलर्ट पर 12 मेट्रो स्टेशन

नई दिल्ली ,06 फरवरी (इ खबरटुडे)।कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले दो महीने से भी ज्यादा समय से किसानों का प्रदर्शन जारी है। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के बाद अब किसान आंदोलन को और धार देने के लिए किसान संगठन आज तीन घंटे के लिए देशव्यापी चक्का जाम करेंगे।

कांग्रेस सहित लगभग सभी विपक्षी पार्टियों ने इस चक्का जाम को अपना समर्थन दिया है। इसका असर दिल्ली में नहीं होगा फिर भी एहतियातन 50 हजार सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

इसके अलावा 12 मेट्रो स्टोशनों को अलर्ट पर रखा गया है। किसानों का कहना है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। किसान शांतिपूर्ण तरीके से देश के अन्य हिस्सों में तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को बाधित करेंगे।

पचास पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर रखेंगे नजर
चक्का जाम के दौरान दिल्ली के साइबर सेल को सोशल मीडिया की निगरानी के लिए लगाया गया है। साइबर सेल के पचास पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर नजर रखे हुए हैं।

कई अकाउंट बंद होने के बावजूद ट्विटर सहित अन्य दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उकसाने वाले ट्वीट किए जा रहे हैं। जिसपर पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है। 

Back to top button