May 20, 2024

शासन को सुझाव देने महापौर और निगमायुक्तों की कमेटी बनेगी

सभी नगर निगम जन-भागीदारी से उद्यान विकसित करें
कैलाश विजयवर्गीय द्वारा महापौरों से वन-टू-वन चर्चा

भोपाल,15 जनवरी(इ खबरटुडे)। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नगर पालिक निगमों के समक्ष आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिये चार-चार महापौर एवं निगमायुक्त की समिति गठित की है। इंदौर नगर निगम के महापौर कृष्णमुरारी मोघे समिति के अध्यक्ष होंगे। यह समिति नगर निगमों को मैदानी स्तर पर आ रही तकलीफों को दूर करने के लिये राज्य शासन को अपने सुझाव देगी। कैलाश विजयवर्गीय आज स्थानीय स्व-शासन भवन में नगर निगम महापौरों और निगमायुक्तों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सभी नगर निगम अपने शहर के विकास के लिये सुनियोजित नीति बनाकर अमल करें। शहर में बिजली, पानी और सड़क की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये। जन-भागीदारी से कालोनियों में उद्यान विकसित करवाये जायें। सभी नगर निगम विकास कार्यों के लिये स्वतंत्र हैं। नगर निगमों के पास और क्या-क्या अधिकार हों, इसके संबंध में भी सुझाव दिये जायें। शहरों के विकास के लिये नगर निगमों के पास क्या अधिकार होने चाहिए, इस संबंध में निगम आयुक्त सुझाव दें। श्री विजयवर्गीय ने गुमटियों के पुनर्वास के लिये नियम बनाने के लिये कहा।

श्री विजयवर्गीय ने सभी नगर निगमों को राजस्व वसूली पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में तेजी लाई जाये और लोगों को समझाइश दी जाये कि वे सुविधा का लाभ लेने के साथ-साथ करों का भुगतान भी करें। उन्होंने कहा कि वसूली में जो निगम कमजोर साबित होंगे उनके आयुक्त की चरित्रावली में इसकी प्रविष्टि की जायेगी। उन्होंने कहा कि जो निर्माण कार्य पूर्व से चल रहे हैं और अभी तक नहीं हुए उन्हें शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करवाया जाये अन्यथा उनके स्थान पर नये निर्माण कार्य शुरू करने की योजना तैयार की जाये। उन्होंने छोटे व्यापारियों के लिये हाकर्स जोन बनाने के निर्देश दिये। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि वे अगले माह बड़े शहर के स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के साथ बैठक कर विकास कार्यों आदि की समीक्षा करेंगे। उन्होंने महापौरों और निगमायुक्तों से वन-टू-वन चर्चा कर विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा भी की।

बैठक में इंदौर महापौर कृष्णमुरारी मोघे, भोपाल महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, जबलपुर महापौर प्रभात साहू, उज्जैन महापौर रामेश्वर अखण्ड, ,खण्डवा महापौर श्रीमती भावना शाह, बुरहानपुर महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, सतना महापौर पुष्कर सिंह तोमर, रीवा महापौर शिवेन्द्र सिंह पटेल, देवास महापौर श्रीमती रेखा वर्मा, कटनी महापौर सुश्री रूक्मणी, रतलाम महापौर शैलेन्द्र डागा आदि, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एस.एन. मिश्रा, आयुक्त नगरीय प्रशासन संजय शुक्ला तथा सभी निगम आयुक्त मौजूद थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds