June 29, 2024

महिला की हत्या कर किचन स्टैंड के नीचे फंसा कर भागा आरोपी

रतलाम,11 अगस्त(इ खबरटुडे)। हाट रोड पर विनोबा स्कूल के पीछे रहने एक महिला की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी महिला का शव किचन स्टैंड के नीचे गैस सिलेंडर के पास वाली जगह में फंसा कर भाग गया। हत्या की जानकारी महिला की बेटी के घर पर आने के बाद पता चली।

जानकारी के अनुसार कृष्णाबाई पति रामलाल (42) का शव घर में किचन स्टैंड के नीचे फंसा मिला। उसकी बेटी प्रिया ने बताया कि उन्होंने यह मकान 3 सप्ताह पहले ही किराए पर लिया था। इससे पहले वह आनंद कॉलोनी में रहते थे। पिता उदयपुर में रहते हैं। चार पांच दिन पहले उसके पिता आए थे।

प्रिया एक क्लीनिक पर काम करती है और गुरुवार सुबह काम पर चली गई थी। रात को करीब 8:30 बजे घर पहुंची तो घर पर ताला लगा हुआ था। मम्मी पापा के पास फोन नहीं है, इसलिए वह उनका इंतजार करती रही। रात करीब 9:30 बजे उसने पड़ोसी भूपेंद्र सिंह से कहा कि उसे कुछ काम है ताला खोलना है। भूपेंद्र सिंह ने संडासी लाकर दी। इसके बाद उन्होंने ताला तोड़ा। प्रिया घर के अंदर गई और कुछ देर बाद भूपेंद्र से उसका नया ताला लेकर घर पर ताला लगाया और चली गई।

शुक्रवार सुबह करीब 8:00 बजे प्रिया पुनः घर पर पहुंची और ताला खोलकर अंदर गई। इसके बाद चिल्लाते हुए बाहर आई और कहने लगी देखो मेरे पापा ने क्या कर दिया है। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

प्रिया से यह पूछने पर कि वह रात भर कहां थी उसने बताया कि मम्मी पापा के नहीं आने पर वह अपनी सहेली परवीन निवासी राजस्व कॉलोनी के घर सोने चली गई थी और रात में वहीं सोई थी। उसे अकेले में डर लगता है, सुबह जब घर पहुंची तो मम्मी मृत मिली।

रोज होते थे झगड़े
मकान स्वामी गौरी शंकर भट्ट के पुत्र राजकुमार भट्ट ने बताया कि महिला और उसकी लड़की 3 सप्ताह पहले आए थे। महिला ने कहा था कि वह विधवा है उन्हें मकान किराए से चाहिए। इस पर उन्होंने मकान किराए से दे दिया था। चार-पांच दिन पहले एक व्यक्ति आया था, जिसे महिला ने अपना पति बताया था। पड़ोसी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति और महिला के बीच आए दिन विवाद होते थे।

गुरुवार सुबह काम पर जा रहा था तब भी उनके घर लड़ने की आवाज आ रही थी। मकान मालिक और पड़ोसियों द्वारा दी गई जानकारी से मामला शंकास्पद लगता है। हत्या पति ने की है ये अन्य किसी ने यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी यादव के अनुसार घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम से भी कराई गई है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है मामले की जांच की जा रही है।

You may have missed