July 8, 2024

मध्य प्रदेश में भाजपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की

भोपाल,19 जून (इ खबरटुडे)। आठ राज्यों में राज्यसभा की 19 सीटों पर मतगणना के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा को दो सीट पर और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है।

भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को जीत मिली है।राजस्थान में तीन सीटों के लिए दो कांग्रेस और दो भाजपा ने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने राजेंद्र गहलोत और ओंकार सिंह लेखावत को मैदान में उतारा है।

वहीं राजस्थान में कांग्रेस को दो सीट और भाजपा को एक सीट पर जीत मिली है। आंध्रप्रदेश से राज्यसभा के चार सीटों पर सत्तारूढ़ वाइएसआर कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। बता दें कि मध्य प्रदेश में विधायकों की संख्या के हिसाब से भाजपा को दो सीटें और कांग्रेस को एक सीट मिलना तय माना जा रहा था।

गुजरात में एक सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। राज्य में चार राज्यसभा सीटों पर पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से तीन भाजपा और कांग्रेस के दो उम्मीदवार है। मतदान के बाद, तीन उम्मीदवारों की जीत पक्की मानी जा रही। इसमें भाजपा के दो और कांग्रेस के एक उम्मीदवार की जीत तय है, जबकि एक सीट पर सस्पेंस है। अजय भारद्वाज, रामिलाबेन बारा और नरहरि अमीन भाजपा के उम्मीदवार हैं। वहीं कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल और भरतसिंह सोलंकी उम्मीदवार हैं।

You may have missed