May 8, 2024

बेहतर राजस्व सुविधाओं के लिये तहसील मुख्यालयों का प्रभावी प्रबंधन करें

राजस्व अधिकारियों के प्रांतीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री श्री चौहान  

भोपाल,20 जुलाई (इ खबरटुडे)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य शासन आम लोगों को बेहतर राजस्व प्रशासन और सुविधाएँ देने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से आग्रह किया कि वे तहसील मुख्यालयों का प्रभावी प्रशासनिक प्रबंधन करें जिससे आम लोगों को बेहतर राजस्व सेवाएँ और सुविधाएँ मिल सके। श्री चौहान शनिवार को यहाँ समन्वय भवन में मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के प्रांतीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ‘राजस्व प्रशासन के जनोन्मुखीकरण” विषय पर कार्यशाला भी की गई।

मुख्यमंत्री ने संघ के ज्ञापन और राजस्व अधिकारी संवर्ग संबंधी उठाये गये मुद्दों पर चर्चा के लिये प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव को संघ के साथ चर्चा करने और सरकार को सुझाव देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने राजस्व अधिकारियों को प्रशासन की धुरी और राज्य सरकार का चेहरा बताते हुए कहा कि निचले स्तर पर राज्य सरकार के सभी महत्वपूर्ण कार्यों में राजस्व अमले का सराहनीय योगदान रहता है। उन्होंने उत्तराखंड त्रासदी में मध्यप्रदेश से भेजे गये राजस्व अधिकारियों के कार्यों और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व अधिकारी चुनौतीपूर्ण कार्यों को पूरी दक्षता और कौशल के साथ पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार 2700 करोड़ की राहत राशि वितरित की गई। राजस्व अमले की सहायता के बगैर यह संभव नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने संघ से जटिल राजस्व नियमों को प्रशासनिक दृष्टि से सरल बनाने और उनमें वर्तमान परिस्थितियों के साथ उपयुक्त परिवर्तन करने के लिये सुझाव देने का आग्रह किया। श्री चौहान ने कहा कि आज मध्यप्रदेश पूरे देश में सबसे अग्रणी राज्यों में गिना जा रहा है। पिछले सात साल से आर्थिक वृद्धि दर दो अंक में रही है। कृषि वृद्धि दर तो 24.99 प्रतिशत तक बढ़ गई है। सबके सहयोग से जल्दी ही देश का प्रथम पंक्ति का राज्य होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने संघ की स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने उत्तराखंड त्रासदी पर प्रदेश से गई राजस्व विभाग की टीम के अनुभवों पर आधारित किताब का विमोचन किया। इसे  संजीवन किशोर पांडे ने संकलित किया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव  मनोज श्रीवास्तव, संघ के अध्यक्ष  पी.एस. त्रिपाठी, अन्य पदाधिकारी और संघ के सदस्य उपस्थित थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds