May 6, 2024

जम्मू कश्मीर में हिमस्खलन में दबे तीन वाहन, 9 लोग लापता

जम्मू,06 जनवरी(इ खबरटुडे)। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंज का प्रकोप जारी है। इस बीच जम्मू कश्मीर में हुई हिमस्खलन की घटना में 9 लोग लापता हो गए हैं जबकि एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। घटना के बाद इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है। खबरों के अनुसार यह हिमस्खलन उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टंगडार में साधनाटॉप के पास शुक्रवार को हुआ। इसके चपेट में तीन वाहन आ गए। बर्फ में दबे तीनों वाहनों का भी कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

सेना व पुलिस ने युद्धस्तर पर राहत अभियान चला रखा है, लेकिन खराब मौसम बाधा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, कुपवाड़ा से सात स्थानीय लोगों को लेकर टंगडार जा रही लाल रंग की सूमो गाड़ी जब साधनाटॉप इलाके से गुजर रही थी तो पहाड़ से हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से वह नीचे जा गिरी और बर्फ में दब गई। इस वाहन के पीछे आ रहे एक अन्य यात्री वाहन में सवार एक बच्चे सहित तीन लोगों ने जब अपने सामने यह हादसा होते देखा तो बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पहाड़ से हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से वह भी बर्फ में दब गए।

इसी दौरान टंगमर्ग से कुपवाड़ा जा रहा बीकन विभाग का एक अन्य वाहन भी हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें सवार दो बीकन कर्मियों में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन वाहनों के हिमस्खलन की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद बर्फ में दबे लोगों को तलाशने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू हुआ।

काफी मशक्कत व विपरीत मौसमी परिस्थितियों के बीच सात साल के एक बच्चे और बीकन कर्मचारी को घायल हालत में बाहर निकाल लिया गया। बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। कुछ देर बाद एक बीकन कर्मी का शव भी बरामद हो गया, लेकिन नौ लोगों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। मारे गए बीकन कर्मचारी की पहचान मंगल प्रसाद सिंह (47) पुत्र शिव राज सिंह, निवासी अयर सरैया, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds