May 5, 2024

खेल चेतना मेला समुचे खेल जगत के लिए एक उपलब्धि: डीआईजी श्री चौधरी

रतलाम ,11 जनवरी (इ खबरटुडे)। क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित खेल चेतना मेला की प्रतिस्पर्धाओं में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय मैदान पर आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धा में खिलाडि़यों के उत्साहवर्धन हेतु उपस्थित मुख्य अतिथि रतलाम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक धर्मेन्द्र चौधरी ने खेल चेतना मेला आयोजन को समुचे खेल जगत के लिए एक उपलब्धि निरूपित किया।

उन्होंने 20वर्षों तक चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन द्वारा किए जा रहे इस आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कृत भी किया। डीआईजी ने खिलाडि़यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रसन्नता की बात है कि चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन द्वारा रतलाम के साथ मंदसौर एवं नीमच में भी यह आयोजन किया जा रहा है और तीनों जिलों में इस आयोजन से 16 स्थानों पर खेलों का एक वातावरण निर्मित हुआ है। यह विधायक चेतन्य काश्यप की सोच एवं उनके समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने इस आयोजन की निरंतरता की कामना करते हुए खिलाडि़यों को खेल मैदान से जुड़ने का आग्रह किया। खेल चेतना मेला सचिव मुकेश जैन, जयन्त वोहरा, क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, निर्मल लुनिया, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष महेन्द्र नाहर, खेल संयोजक प्रकाश व्यास, अमरीक राणा आदि उपस्थित थे। एथलेटिक्स स्पर्धा के तहत दौड़, लम्बी कुद एवं अन्य स्पर्धाओं में खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इसी प्रकार नेहरू स्टेडियम पर चल रही क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ शा. कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय वाते, डीसीएम अजय ठाकुर ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर किया। यहां खेल संयोजक अश्विनी शर्मा, अनुज शर्मा, समिति सदस्य देवेन्द्र वाधवा उपस्थित थे।

खेल मेला के अंतर्गत कबड्डी स्पर्धा के अंतर्गत टीमों ने अपने-अपने बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अगले दौर में प्रवेश किया। जिला शिक्षा अधिकारी अमर वरधानी एवं सहायक परियोजना समन्वयक सीके सालित्रा तथा निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल एवं अश्विनी शर्मा ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दी। यहां खेल संयोजक आरसी तिवारी, राजा राठौड आदि उपस्थित थे।

कुश्ती स्पर्धा के शुभारंभ से पूर्व नेहरू स्टेडियम में स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस को मनाते हुए मुख्य अतिथि महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर केक काटकर जन्म दिन मनाया गया। यहां एमआईसी सदस्य मंगल लोढा, आयोजन समिति सहसचिव अजीत छाबडा, पप्पू मेहता, नासिर कुरैशी आदि उपस्थित थे। खेल संयोजक बलवन्त भाटी ने उपस्थितजनों को स्वामी विवेकानंद के विचारों से अवगत कराया। कुश्ती स्पर्धा के तहत बालिकाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन कुश्ती के मैचों ने उपस्थित दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त बालक वर्ग में भी कुश्ती के रोमांचक मुकाबले खेले गए।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds