May 19, 2024

खेत पर बनी झोपड़ी में मिले किशोरी और युवक का शव, आत्महत्या की आशंका

रतलाम,07दिसम्बर(इ खबरटुडे)। जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र के ग्राम ठिकरिया में लापता 17 वर्षीय किशोरी व 20 वर्षीय युवक के शव एक खेत में बनी झोपड़ी में मिले। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होना बताया जाता है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाए। दोनों की मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को घटना स्थल से जहर का पैकेट व एक गिलास मिला है। गिलास में जहर के अवशेष पाए गए हैं। इससे यह माना जा रहा है कि दोनों ने जहर पीकर आत्महत्या की होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार राहुल पिता बापूसिंह (20) निवासी ग्राम ठिकरिया थाना बड़ावदा मंगलवार रात करीब नौ बजे घर पर खेत पर सिंचाई के लिए जाने का कहकर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उधर करीब 17 वर्षीय किशोरी भी बुधवार सुबह करीब पांच बजे घर से लापता हो गई था। सुबह करीब छह बजे वह घर में दिखाई नहीं देने पर मां ने अपने जेठ (किशोरी के काका) को जानकारी दी।

परिजन ने किशोरी की खोजबीन की और आसपास के गांवों में रिश्तेदारों आदि स्थानों पर तलाश किया लेकिन वह नहीं मिली। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे किशोरी के परिजन ने बड़ावदा थाने पर उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई और राहुल पर शंका जाहिर की। पुलिस व परिजन दोनों की खोजबीन कर ही रहे थे कि दोपहर करीब तीन बजे दोनों के शव राहुल के रिश्तेदार विघुरसिंह के खेत में बनी झोपड़ी में पाए गए।

खबर फैलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और बड़ावदा थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल व शव की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजन को सौंप दिए गए। दोनों के परिजन शव ले गए और दोनों का अंतिम संस्कार शाम को ही कर दिया गया।

जांच के बाद होगा खुलासा
बड़ावदा थाना प्रभारी पंवार ने मीडिया को बताया कि दोनों की मौत के कारणों का पता नहीं चला है। प्राथमिक रूप से मामला प्रेम-प्रसंग का होने की बात सामने आई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व मामले की जांच के बाद ही उनकी मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds